सोमवार, 22 जून 202609:15:22 PM
Download App
Home/छत्तीसगढ़

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : मप्र-छग सीमा पर सनसनी: घर के सामने से किराना व्यवसायी का अपहरण, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

नीलम अहिरवार

नीलम अहिरवार

Jun 22, 2026
10:07 AM
मप्र-छग सीमा पर सनसनी: घर के सामने से किराना व्यवसायी का अपहरण, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले के मरवाही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उषाढ़ में दिनदहाड़े एक किराना व्यवसायी के अपहरण की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बेखौफ बदमाश व्यवसायी को उनके घर के सामने से जबरन उठाकर ले गए। पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजन दहशत में हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम उषाढ़ निवासी किराना व्यवसायी गिरीश यादव अपने घर के सामने खड़े थे। इसी दौरान एक नीले रंग की बलेनो कार वहां आकर रुकी। कार से उतरे दो अज्ञात युवकों ने अचानक गिरीश यादव को पकड़ लिया और उन्हें जबरन कार में बैठाने का प्रयास करने लगे।

घर के सामने से उठा ले गए कारोबारी

घर के बाहर हो रही हलचल देखकर परिजन मौके पर पहुंचे और विरोध करने लगे। परिजनों ने शोर मचाते हुए व्यवसायी को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर पीछे कर दिया और गिरीश यादव को जबरन कार में बैठाकर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि घटना के समय व्यवसायी अर्धनग्न अवस्था में थे, जिससे परिजनों को कुछ समझने और संभलने का मौका भी नहीं मिला।

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

घटना की पूरी तस्वीर घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर वाहन और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही मरवाही पुलिस सक्रिय हो गई। जिले के सभी सीमावर्ती थानों और चेकपोस्टों को अलर्ट कर दिया गया है। मध्यप्रदेश की सीमा नजदीक होने के कारण अंतरराज्यीय नाकों पर भी विशेष निगरानी और सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश सीमा पर हाई अलर्ट

पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है और साइबर सेल की भी मदद ली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल व्यवसायी की सुरक्षित बरामदगी पुलिस की प्राथमिकता है। घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।

नीलम अहिरवार
Written By

नीलम अहिरवार

17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें