गुरुवार, 28 मई 202607:12:07 PM
Download App
Home/मध्यप्रदेश

मध्यप्रदेश प्रदेश की बड़ी खबरें : ट्विशा केस में CBI का बड़ा एक्शन, पीएम मोदी का एमपी दौरा तय, शायर बशीर बद्र का निधन और शिक्षकों की बढ़ सकती है छुट्टियां

आलोक त्रिपाठी

आलोक त्रिपाठी

May 28, 2026
12:13 PM
ट्विशा केस में CBI का बड़ा एक्शन, पीएम मोदी का एमपी दौरा तय, शायर बशीर बद्र का निधन और शिक्षकों की बढ़ सकती है छुट्टियां

मध्यप्रदेश की बड़ी खबरें 28/05/26

ट्विशा शर्मा मौत मामले में बड़ा एक्शन, गिरिबाला सिंह गिरफ्तार

भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले सीबीआई की टीम कटारा हिल्स स्थित घर पहुंची, जहां करीब तीन घंटे तक पूछताछ की गई। हाई कोर्ट द्वारा अग्रिम जमानत खारिज किए जाने के बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई हुई।

मशहूर शायर डॉ. बशीर बद्र का निधन

उर्दू शायरी की दुनिया को बड़ा झटका लगा है। उर्दू के प्रसिद्ध शायर डॉ. बशीर बद्र का निधन हो गया। उनकी ग़ज़लों और शायरी ने साहित्य प्रेमियों के दिलों में खास जगह बनाई थी। उनके निधन से साहित्य जगत में शोक की लहर है।

6 जून को मध्य प्रदेश आएंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 जून को मध्य प्रदेश दौरे पर रहेंगे। नरसिंहपुर जिले के गाडरवाड़ा में आयोजित कार्यक्रम में वे 1600 मेगावाट क्षमता वाली सुपर थर्मल पावर यूनिट का भूमिपूजन करेंगे। कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित करने की भी संभावना है।

पुलिसकर्मियों को गंभीर बीमारियों पर मिलेगी आर्थिक मदद

मध्य प्रदेश सरकार ने पुलिसकर्मियों के लिए बड़ी राहत देने का फैसला लिया है। पैरालिसिस, हार्ट अटैक और कोमा जैसी गंभीर स्थितियों में अब 14 लाख रुपये तक की सहायता दी जाएगी। योजना के तहत प्रदेश के 55 और राज्य के बाहर 4 निजी अस्पतालों को शामिल किया गया है। सरकार सहायता राशि को 50 फीसदी से बढ़ाकर 100 फीसदी करने पर भी विचार कर रही है।

शिक्षकों की गर्मी की छुट्टियां बढ़ सकती हैं

प्रदेश के शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। 31 मई को समाप्त होने वाला ग्रीष्मकालीन अवकाश अब 15 जून तक बढ़ाया जा सकता है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक प्रस्ताव लगभग तैयार है। पहले शिक्षकों को 1 जून से स्कूलों में उपस्थित होना था, लेकिन अब छुट्टियों के विस्तार की संभावना बढ़ गई है।

आलोक त्रिपाठी
Written By

आलोक त्रिपाठी

खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें