मंगलवार, 16 जून 202608:11:30 PM
Download App
Home/देश

केन्द्र सरकार की टेलीग्राम पर अस्थाई रोक : नीट Re-exam से पहले बड़ा फैसला, परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने उठाया कदम

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jun 16, 2026
07:23 AM
नीट Re-exam से पहले बड़ा फैसला, परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने उठाया कदम

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने नीट (स्नातक) 2026 की पुनर्परीक्षा से पहले बड़ा कदम उठाते हुए मैसेजिंग प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर अस्थायी रोक लगाने का निर्णय लिया है। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने निर्देश जारी कर भारत में टेलीग्राम की सेवाओं को 22 जून 2026 तक सीमित करने का आदेश दिया है। यह फैसला 21 जून को होने वाली पुनर्परीक्षा की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने इस कदम का स्वागत किया है और इसे परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया है।

फर्जी सूचना और पेपर लीक रोकने के लिए सख्त कार्रवाई

एजेंसी के अनुसार, हाल के वर्षों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान मैसेजिंग प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के जरिए प्रश्नपत्रों से जुड़ी अफवाहें और फर्जी जानकारी फैलने के मामले सामने आए हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई की गई है, ताकि पुनर्परीक्षा की शुचिता बनी रहे और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोका जा सके।

राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत स्रोतों पर ही भरोसा करें तथा किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह से दूर रहें।

संदेश संपादन सुविधा पर भी अस्थायी रोक

सरकारी आदेश के अनुसार, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की धारा 69ए के तहत टेलीग्राम पर यह प्रतिबंध लगाया गया है। इसके साथ ही एक अन्य निर्देश में कहा गया है कि टेलीग्राम पर पहले भेजे गए संदेशों को संपादित करने की सुविधा 30 जून 2026 तक बंद रहेगी।

इसका उद्देश्य उस सुविधा के दुरुपयोग को रोकना है, जिसके जरिए कथित तौर पर परीक्षा के बाद फर्जी दस्तावेज या बदले हुए संदेश तैयार कर भ्रम फैलाने की कोशिश की जाती थी।

संगठित गिरोहों पर नजर, छात्रों को सतर्क रहने की अपील

सरकार का कहना है कि यह कदम उन संगठित समूहों की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए उठाया गया है, जो परीक्षार्थियों को भ्रमित करने या धोखा देने की कोशिश करते हैं। इन उपायों से परीक्षा प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद बनाने पर जोर दिया गया है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई अस्थायी है और केवल परीक्षा अवधि के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए लागू की गई है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें