सिंधिया समर्थक को भारी पड़ा केपी यादव पर कमेंट : भाजपा ने कृष्णा घाडगे को थमाया नोटिस, तीन तीन में देना होगा जबवा, फेसबुक पोस्ट बनी विवाद की वजह

भोपाल। भाजपा संगठन ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक माने जाने वाले कृष्णा घाड़गे को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई एक फेसबुक पोस्ट को लेकर की गई, जिसमें पूर्व सांसद केपी यादव का नाम लिए बिना उन्हें “बालक बुद्धि नेता” बताया गया था। भाजपा भोपाल शहर अध्यक्ष रविंद्र यति ने इस मामले को अनुशासनहीनता मानते हुए घाड़गे से तीन दिन के भीतर जवाब मांगा है।
केपी यादव के बयान के बाद बढ़ा सियासी तापमान
विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालने के बाद अशोकनगर पहुंचे केपी यादव ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम में बयान दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें नई जिम्मेदारी दी है और आने वाले दो वर्षों तक वे हर मंच पर सक्रिय रूप से दिखाई देंगे।
अपने संबोधन में यादव ने कहा कि जनता का प्रेम और समर्थन उन्हें लगातार ऊर्जा देता है और क्षेत्र के विकास के लिए वे हर चुनौती का सामना करने को तैयार हैं। उन्होंने अशोकनगर को शांतिप्रिय क्षेत्र बताते हुए कहा कि यहां लोग भाईचारे और सौहार्द के साथ रहते हैं।
“फूट डालने वालों” पर साधा था निशाना
कार्यक्रम के दौरान केपी यादव ने बिना किसी का नाम लिए उन लोगों पर भी निशाना साधा, जो समाज में फूट डालकर राजनीति करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सकारात्मक राजनीति जरूरी है।
यादव ने अपने संसदीय कार्यकाल का जिक्र करते हुए दावा किया कि 2019 में जनता के आशीर्वाद से उन्हें संसद पहुंचने का अवसर मिला और पांच वर्षों तक उन्होंने बिना भेदभाव सभी वर्गों के हित में काम किया। उन्होंने यह भी कहा कि उनके कार्यकाल में उन पर किसी प्रकार का आरोप नहीं लगा।
भाजपा संगठन ने दिखाई सख्ती
केपी यादव के बयान के बाद कृष्णा घाड़गे की सोशल मीडिया पोस्ट सामने आई, जिसे भाजपा संगठन ने गंभीरता से लिया। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि सार्वजनिक मंचों और सोशल मीडिया पर इस तरह की टिप्पणियां संगठन की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं। इसी के चलते भाजपा ने घाड़गे को नोटिस जारी कर अनुशासन का संदेश देने की कोशिश की है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
