शुक्रवार, 28 अगस्त 202609:04:48 AM
Download App
Home/देश

रक्षाबंधन: सीएम साय को महिला ने बांधी राखी : बोले- बहनों के सम्मान और सुरक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध, नेपाल की त्रासदी पर जताया दुख

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 28, 2026
07:21 AM
बोले- बहनों के सम्मान और सुरक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध,  नेपाल की त्रासदी पर जताया दुख

रायपुर। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों और बहनों को शुभकामनाएं दीं। रायपुर में एक महिला ने मुख्यमंत्री साय को राखी बांधी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पर्व है। उन्होंने प्रदेश के सभी लोगों और बहनों के सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने हालिया दिल्ली दौरे की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि वे एक दिन के लिए दिल्ली गए थे। पिछली यात्रा के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात नहीं हो पाई थी, लेकिन इस बार उन्हें समय मिला। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ के लोगों से जुड़े विषयों और प्रदेश के विकास कार्यों की जानकारी दी।

नेपाल की बाढ़ पर जताया गहरा दुख

नेपाल में आई भीषण बाढ़ की घटना पर मुख्यमंत्री साय ने गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नेपाल में आई बाढ़ बेहद दुखद है और भारत समेत छत्तीसगढ़ के लोगों के भी लापता होने की खबरें सामने आ रही हैं। संकट की इस घड़ी में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।

मदद के लिए बनाया गया कंट्रोल रूम

मुख्यमंत्री ने बताया कि नेपाल में फंसे या लापता लोगों के परिजनों की सहायता के लिए सरकार ने कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर शुरू किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को मदद की जरूरत हो तो वह हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकता है। सरकार हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करेगी।

नेपाल त्रासदी में बढ़ता जा रहा मौतों का आंकड़ा

नेपाल के भोटेकोसी नदी में आई विनाशकारी बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार मृतकों की संख्या 469 तक पहुंच गई है, जबकि बड़ी संख्या में लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। इस आपदा ने नेपाल के साथ-साथ भारत में भी कई परिवारों की चिंता बढ़ा दी है।

निकाय चुनाव में जीत का दावा

आने वाले नगर निगम चुनावों को लेकर मुख्यमंत्री साय ने भारतीय जनता पार्टी की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हर जगह सरकार का काम अच्छा चल रहा है। पिछले ढाई वर्षों में सरकार ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में बेहतर काम किया है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले चुनावों में भाजपा को जनता का समर्थन मिलेगा और पार्टी कई स्थानों पर शानदार जीत दर्ज करेगी।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें