सोमवार, 26 अक्टूबर 202611:58:33 AM
Download App
Home/छत्तीसगढ़

CMO ने ली अहम बैठक : बेमेतरा में बढ़ते ट्रैफिक पर लगाम की तैयारी, जल्द लागू होगा नया प्लान

नीलम अहिरवार

नीलम अहिरवार

Oct 26, 2026
10:09 AM
बेमेतरा में बढ़ते ट्रैफिक पर लगाम की तैयारी, जल्द लागू होगा नया प्लान

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा शहर में बढ़ती आबादी के साथ यातायात का दबाव भी लगातार बढ़ रहा है। शहर की सड़कों पर बढ़ते वाहनों और व्यस्त मार्गों को देखते हुए नगरपालिका ने ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने की पहल की है। इसी सिलसिले में पुराने रेस्टहाउस में नगरपालिका अध्यक्ष की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO), परिवहन विभाग, ड्राइवर संघ, ट्रांसपोर्टर और यातायात पुलिस के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने को लेकर चर्चा की गई।

स्कूल-कॉलेज के समय दुर्ग रोड पर रहेगा विशेष ध्यान

बैठक में विशेष रूप से दुर्ग की ओर से आने वाले कमर्शियल वाहनों के दबाव का मुद्दा उठाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, स्कूल और कॉलेज खुलने तथा छुट्टी होने के समय इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसे देखते हुए इस दौरान यातायात नियंत्रित करने की योजना तैयार की जा रही है।

यातायात विभाग के अनुसार, प्रस्तावित व्यवस्था के तहत स्कूल-कॉलेज के निर्धारित समय पर दुर्ग रोड को आंशिक रूप से कमर्शियल वाहनों के लिए बंद रखा जाएगा। इससे विद्यार्थियों की आवाजाही सुरक्षित बनाने और शहर के भीतर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

अवैध पार्किंग पर कार्रवाई के निर्देश

बैठक में शहर के भीतर नेशनल हाईवे के किनारे अवैध रूप से वाहन खड़े करने का मुद्दा भी उठाया गया। नगरपालिका अध्यक्ष ने संबंधित विभागों को यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने और अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही वाहन चालकों, ट्रांसपोर्टरों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।

जल्द तय होगा नया ट्रैफिक प्लान

बेमेतरा यातायात प्रभारी प्रवीण खलखो ने बताया कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नया प्लान तैयार किया गया है। इसके तहत स्कूल और कॉलेज लगने तथा छुट्टी होने के समय दुर्ग रोड पर कमर्शियल वाहनों की आवाजाही को आंशिक रूप से प्रतिबंधित करने की योजना है। उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था का टाइम-टेबल जल्द तय कर इसे लागू किया जाएगा।

नगरपालिका की इस पहल का उद्देश्य शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को नियंत्रित करना, स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है। अब इस योजना के लागू होने और इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर नजर रहेगी

नीलम अहिरवार
Written By

नीलम अहिरवार

17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें