दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रदर्शन की तैयारी : दुर्ग में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को लेकर कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस, केंद्र सरकार पर साधा निशाना

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में कांग्रेस ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को लेकर राजीव भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित प्रदर्शन की जानकारी दी और केंद्र की भाजपा सरकार पर चुनाव प्रक्रिया तथा मतदाता सूची को लेकर सवाल उठाए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में AICC ऑब्जर्वर और झारखंड प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर, पूर्व विधायक रविंद्र चौबे सहित दुर्ग जिले के कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे। नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए पूछा कि कथित वोट चोरी के मामले में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बचाने की कोशिश क्यों की जा रही है।

दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रदर्शन की तैयारी
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को देशभर में जनसमर्थन मिल रहा है। इसी अभियान के तहत आगामी दिनों में दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़े स्तर पर प्रदर्शन करने की तैयारी है। पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से अभियान से जुड़ने की अपील की।
मतदाता सूची और चुनावी पारदर्शिता पर उठाए सवाल
कांग्रेस ने कहा कि वोट से जुड़ा मुद्दा केवल मौजूदा SIR यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया तक सीमित नहीं है। पार्टी ने मतदाता सूचियों में नाम जोड़ने और हटाने, दोहरे पंजीकरण, चुनाव संबंधी आंकड़ों की पारदर्शिता, EVM और VVPAT की कार्यप्रणाली तथा निर्वाचन आयोग की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए।
कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, लोकतंत्र में यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि प्रत्येक पात्र नागरिक अपने संवैधानिक मताधिकार का इस्तेमाल कर सके और चुनाव निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हों। पार्टी ने इन मुद्दों को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने और अभियान को व्यापक स्तर पर आगे ले जाने की बात कही।
कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रेस कॉन्फ्रेंस में दुर्ग शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, ग्रामीण अध्यक्ष राकेश ठाकुर, भिलाई अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, संजय कोहले, आर.एन. वर्मा, अय्यूब खान और संदीप वोरा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
