आंध्रप्रदेश में 7 लोगों की दर्दनाक मौत : चिलकलुरिपेट में बस ने आॅटो को मारी टक्कर, चार बच्चों सहित 8 घायल, जन्मदिन की खुशिख मातम में बदलीं

अमरावती। आंध्र प्रदेश के पलनाडू जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। चिलकलुरिपेट में अड्डा रोड के पास विजयवाड़ा से तिरुपति जा रही एक निजी बस ने ऑटो-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जिनमें छह महिलाएं हैं। वहीं चार बच्चों समेत आठ लोग घायल हुए हैं। आॅटो रिक्शा में करीब 15 लोग सवार थे।
पुलिस के मुताबिक सभी पलनाडू जिले के चिलकलुरिपेट मंडल के वेलुरु गांव के रहने वाले थे और प्रकाशम जिले के कोंडामांजुलुर में आयोजित जन्मदिन समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान अड्डा रोड के पास तेज रफ्तार बस ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन यात्रियों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान बोंटू बाबू (62), बोंटू मानेम्मा (55), संपूर्णम्मा (70), गंगम्मा (50), लक्ष्मम्मा (75), चैतुपल्ली स्वार्थम्मा (45) और मारियम्मा (45) के रूप में हुई है।
सीएम नायडू ने जताया गहरा दुख
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।
पवन कल्याण और गृह मंत्री ने दिए जांच के आदेश
उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने भी हादसे पर शोक जताया और जिला अधिकारियों से बात कर घायलों के इलाज की जानकारी ली। गृह मंत्री वंगालपुडी अनीता ने पलनाडू के अतिरिक्त एसपी से घटना की जानकारी लेते हुए हादसे के सभी पहलुओं की जांच के निर्देश दिए। इसमें दुर्घटना की परिस्थितियों के साथ बस की रफ्तार और चालक की संभावित लापरवाही की भी जांच होगी।
गृह मंत्री ने सड़क सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करने पर जोर देते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए निजी वाहनों की निगरानी और यातायात नियमों के पालन पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
