भोपाल मे कलचुरि कलार समाज का विशाल परिचय सम्मेलन आज : सीएम डॉ मोहन यादव होंगे शामिल

भोपाल में कलचुरि कलार समाज का भव्य परिचय सम्मेलन आज एक बड़े सामाजिक महाकुंभ के रूप में आयोजित किया जा रहा है। इस हाईटेक आयोजन मे से बड़ी संख्या में समाज के युवा, बुद्धिजीवी और गणमान्य नागरिक शामिल हो रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में एकजुटता को मजबूत करना, नई पीढ़ी को जोड़ना और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है।
यह आयोजन श्री सहस्त्रबाहु कल्चुरी महासभा के तत्वावधान में हो रहा है, जिसकी अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष दिलीप सूर्यवंशी और प्रदेश अध्यक्ष डॉ एल एन मालवीया कर रहे हैं। कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और आधुनिक तकनीक के साथ आयोजित किया गया है, जिससे बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम में डॉ मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग, संपतिया उइके, राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल और भोपाल महापौर मालती राय सहित कई प्रमुख हस्तियां अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगी।
आयोजन के दौरान समाज के मेधावी छात्रों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मंच पर सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा, ताकि युवा पीढ़ी शिक्षा के प्रति प्रेरित हो सके।
इसके साथ ही कार्यक्रम में समाज के दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। यह पहल समाज की परंपराओं और मूल्यों को सहेजने के साथ-साथ आपसी भाईचारे को और मजबूत करने का संदेश देगी।
आयोजकों के अनुसार, यह परिचय सम्मेलन सिर्फ एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के लोगों को एक मंच पर लाकर नए रिश्ते, नए अवसर और सामाजिक विकास की दिशा में ठोस कदम बढ़ाने का प्रयास है। बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी इस आयोजन को और भी खास बना रही है।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
