मंगलवार, 1 सितंबर 202610:31:53 AM
Download App
Home/देश

मप्र के होनहार विद्यार्थियों को बड़ी सौगात : सीएम मोहन ने 121 लाख विद्यार्थियों को लैपटाॅप के लिए दिए 304 करोड, मेहनत करने का दिया संदेश

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Sep 01, 2026
08:45 AM
सीएम मोहन ने 121 लाख विद्यार्थियों को लैपटाॅप के लिए दिए 304 करोड,  मेहनत करने का दिया संदेश

भोपाल। मध्यप्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों के लिए मंगलवार का दिन खास रहा। राजधानी भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रतिभाशाली विद्यार्थी योजना के तहत 75 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले 1 लाख 21 हजार विद्यार्थियों के खातों में लैपटॉप खरीदने के लिए 304 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उन्हें कई कार्यक्रमों में शामिल होने का अवसर मिलता है, लेकिन ऐसे कार्यक्रमों में आने का अलग ही आनंद है, जहां विद्यार्थियों को उनकी मेहनत का फल और सम्मान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि जब योजना की शुरुआत हुई थी, तब पहली बार 473 विद्यार्थियों को लाभ दिया गया था, जबकि आज यह संख्या बढ़कर 1.21 लाख हो गई है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि सरकार ने उनकी सफलता में सहयोग के तौर पर लैपटॉप की राशि दी है, लेकिन असली सफलता आगे की मेहनत से हासिल होगी।

सफलता के दो साथी ज्ञान और कौशल

सीएम ने विद्यार्थियों को सीख देते हुए कहा कि सफलता को कभी सिर पर नहीं चढ़ने देना चाहिए और असफलता से घबराना भी नहीं चाहिए। पिछली गलतियों से सीख लेकर भविष्य को बेहतर बनाने की कोशिश करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल कागज पर अच्छे अंक हासिल करने से कोई व्यक्ति अच्छा इंसान नहीं बनता। आज के दौर में सफलता के लिए ज्ञान और कौशल दोनों जरूरी हैं।

मुख्यमंत्री ने मेरिट सूची में सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों की बढ़ती भागीदारी का उल्लेख करते हुए शिक्षकों का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि मेरिट में 50 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थी सरकारी स्कूलों से आ रहे हैं, जो शिक्षकों और विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम है।

कांग्रेस पर निशाना, मेडिकल कॉलेजों को लेकर गिनाईं उपलब्धियां

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकारों के समय विद्यार्थियों को आज जैसी सुविधाएं नहीं मिलती थीं। उन्होंने प्रदेश में मेडिकल शिक्षा के विस्तार का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के 55 साल के शासन में पांच मेडिकल कॉलेज खुले, जबकि भाजपा सरकार के 20 वर्षों में 12 नए मेडिकल कॉलेज खोले गए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में यूजी की 650 मेडिकल सीटें बढ़ाई गई हैं और वर्ष 2028 तक प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 52 करने का लक्ष्य है।

राहुल गांधी के मध्यप्रदेश दौरे को लेकर भी मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के परिवारों ने लंबे समय तक देश और प्रदेश में शासन किया, उन्हें अपने अतीत की जिम्मेदारी लेते हुए प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी को मध्यप्रदेश आने का आमंत्रण भी दिया।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें