मंगलवार, 1 सितंबर 202609:24:02 AM
Download App
Home/देश

कर्नल सोफिया कुरैशी टिप्पणी मामलाः : राज्यपाल ने मंत्री विजय शाह को दी बड़ी राहत, कांग्रेस ने खोला मोर्चा, गवर्नर से मिले सिंघार

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Sep 01, 2026
08:08 AM
राज्यपाल ने मंत्री विजय शाह को दी बड़ी राहत, कांग्रेस ने खोला मोर्चा, गवर्नर से मिले सिंघार

भोपाल। ऑपरेशन सिंदूर के बाद कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर विवादित टिप्पणी के मामले में मध्यप्रदेश के मंत्री विजय शाह को फिलहाल बड़ी राहत मिली है। राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने शाह के खिलाफ अभियोजन चलाने की अनुमति नहीं देने संबंधी मप्र कैबिनेट के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है। यह फैसला सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को हुई सुनवाई के बाद हुआ। अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जांच एजेंसी और अदालत के रुख के आधार पर तय होगी।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राज्यपाल के भोपाल लौटने के बाद देर रात मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने सोमवार को लोक भवन पहुंचकर उनसे मुलाकात की थी। इसके बाद विजय शाह से संबंधित फाइल राज्यपाल के समक्ष रखी गई। सूत्रों के मुताबिक, राज्यपाल ने फाइल का अवलोकन करने के बाद कैबिनेट के प्रस्ताव पर अपनी सहमति दे दी।

कांग्रेस ने राज्यपाल से की पुनर्विचार की मांग

मामले को लेकर कांग्रेस ने सरकार के फैसले पर सवाल उठाते हुए मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल लोकभवन पहुंचा और राज्यपाल मंगू भाई पटेल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के साथ विधायक आरिफ मसूद और सुरेश राजे मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपते हुए विजय शाह के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी देने और मामले पर दोबारा विचार करने की मांग की।

उमंग सिंघार बोले- सेना का अपमान बर्दाश्त नहीं

राज्यपाल से मुलाकात के बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि यह मामला देश की बेटी और भारतीय सेना के सम्मान से जुड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्नल सोफिया कुरैशी का अपमान किए जाने के बावजूद सरकार ने अपेक्षित सख्ती नहीं दिखाई। सिंघार ने कहा कि कांग्रेस विधायकों ने राज्यपाल से आग्रह किया है कि पूरे मामले पर पुनर्विचार किया जाए और मंत्री विजय शाह के खिलाफ उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

फैसले के बाद बढ़ी सियासी हलचल

राज्यपाल की ओर से अभियोजन की मंजूरी नहीं मिलने के बाद इस मामले ने एक बार फिर मध्यप्रदेश की राजनीति को गरमा दिया है। कांग्रेस लगातार सरकार पर मंत्री को संरक्षण देने का आरोप लगा रही है, जबकि अब आगे की दिशा जांच और न्यायिक प्रक्रिया से तय होने की उम्मीद है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें