सोमवार, 31 अगस्त 202610:00:27 AM
Download App
Home/देश

रामराजा की नगरी में भाजपा का महामंथन : सीएम मोहन ने रामराजा लोक से लेकर उद्योग, सिंचाई, शिक्षा और स्वास्थ्य तक का रखा रोडमैप, कांग्रेस पर भी साधा निशाना

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 31, 2026
08:12 AM
सीएम मोहन ने रामराजा लोक से लेकर उद्योग, सिंचाई, शिक्षा और स्वास्थ्य तक का रखा रोडमैप, कांग्रेस पर भी साधा निशाना

निवाड़ी। बुंदेलखंड की अयोध्या कही जाने वाली धार्मिक नगरी ओरछा इन दिनों भाजपा के बड़े राजनीतिक मंथन का केंद्र बनी हुई है। दअरसल भगवान रामराजा सरकार की पावन नगरी ओरक्षा में भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जा रही है। बठक के आखिरी दिन यानि योमवार को प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव, राष्ट्रीय मंत्री शिवप्रकाश, कविता पाटीदार, लाल सिंह आर्य, प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला सहित केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक मौजूद रहे। बैठक को संबोधित करते हुए सीएम डाॅ. मोहन ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाई वहीं कांग्रेस पर तीखा प्रहार भी किया।

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सरकार की विकास योजनाओं और उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा पेश किया। उन्होंने कहा कि जिस पवित्र स्थान पर राजा राम विराजमान हैं, वहां की विरासत को आगे बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। ओरछा में राजा राम लोक का निर्माण कराया जा रहा है और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की पहली कार्यसमिति को भगवान राम को समर्पित किया गया है।

सीएम ने कहा कि सरकार को विकास के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को आगे बढ़ाने का अवसर मिला है। उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम और उज्जैन के महाकाल लोक का उदाहरण देते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों के विकास से पर्यटन बढ़ता है और इसका सीधा असर आर्थिक गतिविधियों पर भी पड़ता है। मैहर, दतिया और ओरछा समेत प्रदेश के कई धार्मिक स्थलों के विकास पर सरकार काम कर रही है।

रोजगार और निवेश को लेकर सरकार का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्रीय उद्योग सम्मेलन के माध्यम से अलग-अलग क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा दिया गया है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश की शुरुआत हुई है और प्रदेश निवेश के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कपास उत्पादन का उल्लेख करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश को देश का सबसे बड़ा प्रधानमंत्री मित्र पार्क मिला है। सरकार का लक्ष्य उद्योगों के साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना है।

लाड़ली बहना योजना पर कांग्रेस को घेरा

मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना योजना को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि योजना शुरू होने के समय कांग्रेस ने इसका मजाक उड़ाया था, लेकिन भाजपा सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए बड़ी राशि उपलब्ध कराई। उन्होंने दावा किया कि महिलाओं को आर्थिक सहायता देने का विरोध करने वाली कांग्रेस को भविष्य में इसका राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के खजाने में विकास और जनकल्याण की योजनाओं के लिए धन की कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 का प्रदेश बजट 4 लाख 27 हजार करोड़ रुपये है।

शिक्षा, स्वास्थ्य और भर्ती पर जोर

मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में मेडिकल शिक्षा का विस्तार हुआ है। उनके मुताबिक मेडिकल सीटों की संख्या करीब 6 हजार तक पहुंच गई है और वर्तमान में 39 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। भविष्य में इनकी संख्या 50 तक करने का लक्ष्य है। उन्होंने पुलिस विभाग में 18 हजार से अधिक पदों पर भर्ती और सहायक पुलिस अधिकारी के करीब 7 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया का भी उल्लेख किया। युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम और नए शैक्षणिक संस्थान शुरू करने की बात कही।

बुंदेलखंड और सिंचाई पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना सहित जल परियोजनाओं को बुंदेलखंड के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सरकार सिंचाई का रकबा बढ़ाने और किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।

यूसीसी पर कांग्रेस को घेरा

समान नागरिक संहिता के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी विरोध के लिए विरोध की राजनीति करती है और राजनीतिक सुविधा के अनुसार अलग-अलग दलों से गठबंधन करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति सत्ता हासिल करने के इर्द-गिर्द घूमती है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं के साथ जोरदार ‘जय श्री राम’ के नारे भी लगाए और कहा कि भाजपा का सिद्धांत हैकृ “सच्चा वादा, पक्का काम।”

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें