आज से मैदान में उतरेगी मप्र सरकार : सीएम मोहन छिंदवाड़ा से करेंगे जन विश्वास अभियान का आगाज, मंत्री-विधायक से लेकर अफसर तक जाएंगे जनता के बीच

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार जन विश्वास अभियान की शुरुआत करने जा रही है। यह अभियान केवल जनसुनवाई का ही माध्यम नहीं बनेगा, बल्कि अफसरों के कामकाज की सबसे बड़ी परीक्षा भी बनेगा। शुक्रवार से शुरू हो रहे अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव छिंदवाड़ा से करेंगे। अभियान के तहत अब हर शुक्रवार मंत्री, विधायक, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और जिला स्तर के अफसर गांवों और शहरों में दौरा कर लोगों से सीधे मुलाकात करेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का जमीनी स्तर पर आकलन करेंगे।
फील्ड में उतरेंगे मंत्री और अधिकारी
सरकार ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान प्रत्येक शुक्रवार को प्रदेशभर में फील्ड विजिट अनिवार्य होगी। इस दिन अत्यावश्यक कार्यों को छोड़कर किसी प्रकार की नियमित सरकारी बैठक आयोजित नहीं की जाएगी। सचिवालय से लेकर जिला मुख्यालय तक के अधिकारी निर्धारित क्षेत्रों में जाकर जनसमस्याओं का समाधान करेंगे और विकास कार्यों की प्रगति का निरीक्षण करेंगे। कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे पहले से भ्रमण क्षेत्र तय करें और लंबित शिकायतों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
शिकायतों के त्वरित समाधान पर जोर
अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों की शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निराकरण करना है। सरकार का प्रयास रहेगा कि सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम से संबंधित लंबित मामलों का फील्ड विजिट से पहले ही निपटारा कर लिया जाए। वहीं, दौरे के दौरान प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का मौके पर ही समाधान करने की कोशिश की जाएगी, ताकि लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जन संवाद और योजनाओं की होगी समीक्षा
अभियान के तहत जन संवाद और उद्योग संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें आम नागरिकों के साथ-साथ सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) और कुटीर उद्योग से जुड़े उद्यमियों से भी चर्चा होगी। अधिकारी स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य संस्थानों, उचित मूल्य की दुकानों और सार्वजनिक निर्माण कार्यों का निरीक्षण करेंगे। साथ ही किसान आईडी, आयुष्मान भारत कार्ड, समग्र आईडी ई-केवाईसी और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की जाएगी।
सरकार का लक्ष्य-जनता का विश्वास मजबूत करना
प्रदेश सरकार का कहना है कि जन विश्वास अभियान का उद्देश्य प्रशासन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और संवेदनशील बनाना है। भाजपा सरकार के कार्यकाल के दूसरे चरण में शुरू किए गए इस अभियान के जरिए सरकार सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी अपेक्षाओं को समझने और शासन व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास करेगी। सरकार का मानना है कि अधिकारियों की नियमित फील्ड मौजूदगी से योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन होगा और आम लोगों का शासन-प्रशासन पर विश्वास भी मजबूत होगा।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
