जन विश्वास अभियान : सीएम मोहन आज लांजी के गांवों का करेंगे दौरा, कन्या छात्रावास का दौरा कर सुविधाओं का लेंगे जायजा, प्रबुद्धजनों से करेंगे संवाद

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार, 29 अगस्त को बालाघाट जिले के लांजी क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित इस दौरे के दौरान वे विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ शैक्षणिक संस्थानों का निरीक्षण करेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री लांजी के समीप स्थित ग्राम कोरका और बोंदारी पहुंचकर बीमारी से पीड़ित परिवारों से मुलाकात भी करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव लांजी में कन्या छात्रावास और उत्कृष्ट विद्यालय का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, शैक्षणिक वातावरण और व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। उत्कृष्ट विद्यालय में मुख्यमंत्री क्षेत्र के प्रबुद्धजनों और मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद भी करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान स्थानीय विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी।
कोरका पहुंचकर पीड़ित परिवारों से करेंगे मुलाकात
मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान ग्राम कोरका भी जाएंगे। यहां वे स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होने के साथ बीमारी से प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री के गांव पहुंचने को लेकर स्थानीय प्रशासन की ओर से आवश्यक तैयारियां की गई हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री वापस लांजी लौटेंगे, जहां वे निर्धारित स्थानीय कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
सुबह इंदौर से शुरू होगा दौरा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 29 अगस्त की सुबह 8ः40 बजे इंदौर से वायुयान द्वारा रवाना होंगे। वे सुबह 9ः50 बजे बिरसी-गोंदिया हवाई पट्टी पहुंचेंगे। यहां से करीब 10 बजे वे लांजी के लिए प्रस्थान करेंगे और लगभग 10ः30 बजे लांजी पहुंचेंगे।
लांजी में कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री सुबह 10:30 बजे कोरका के लिए रवाना होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे करीब 11:20 बजे कोरका पहुंचेंगे और वहां स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे।
लांजी से हेलीकॉप्टर द्वारा बिरसी जाएंगे
कोरका का कार्यक्रम पूरा होने के बाद मुख्यमंत्री दोपहर करीब 12:20 बजे लांजी के लिए रवाना होंगे। लांजी में स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेने के पश्चात दोपहर 2:25 बजे हेलीकॉप्टर से बिरसी-गोंदिया हवाई पट्टी के लिए प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री लगभग 2:40 बजे बिरसी पहुंचेंगे।
इसके बाद दोपहर 2:45 बजे वे वायुयान से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के इस दौरे को स्थानीय स्तर पर जनसंवाद, क्षेत्रीय समस्याओं की जानकारी लेने और विकास कार्यों की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
