मप्र में एआई क्रांति की तैयारी : सीएम आज गूगल के सीनियर अधिकारियों के साथ करेंगे हाईलेवल मीटिंग, रणनीतिक साझेदारी पर मंथन

भोपाल। मध्यप्रदेश में डिजिटल गवर्नेंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित विकास को नई गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव आज बुधवार को भोपाल में गूगल के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक करेंगे। यह बैठक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के समन्वय से आयोजित की जा रही है। यह मीटिंग मध्यप्रदेश को तकनीक और नवाचार आधारित विकास की दिशा में अग्रणी राज्य बनाने की महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
बैठक में गूगल क्लाउड इंडिया के निदेशक (पब्लिक सेक्टर) आशीष वाट्टल, एपीएसी क्षेत्र के निदेशक (स्ट्रेटेजिक एंगेजमेंट्स) मदन ओबेरॉय सहित सिंगापुर से आए गूगल क्लाउड के वैश्विक विशेषज्ञ, हेल्थकेयर एआई विशेषज्ञ तथा राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। इस दौरान मध्यप्रदेश और गूगल के बीच दीर्घकालिक तकनीकी सहयोग, उन्नत क्लाउड तकनीकों और एआई आधारित समाधानों के उपयोग पर विस्तृत चर्चा होगी।
तकनीक के उपयोग को बढ़ाने पर रहेगा जोर
बैठक में डिजिटल गवर्नेंस को अधिक प्रभावी बनाने, नागरिक सेवाओं को सरल और पारदर्शी बनाने तथा प्रशासनिक कार्यों में तकनीक के उपयोग को बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। प्रदेश सरकार एआई तकनीक के माध्यम से सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और आम जनता तक सुविधाओं की त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है।
सिंहस्थ 2028 में एआई तकनीक के उपयोग को लेकर होगा मंथन
उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ-2028 के तकनीक आधारित प्रबंधन को भी बैठक में प्रमुखता से उठाया जाएगा। स्मार्ट भीड़ प्रबंधन, एआई आधारित स्मार्ट पुलिसिंग, डेटा आधारित निगरानी प्रणाली और नागरिक सुरक्षा के आधुनिक उपायों पर विशेष चर्चा होगी। सरकार का उद्देश्य बड़े धार्मिक आयोजनों को तकनीकी रूप से अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना है।
स्वास्थ्य, कृषि और शिक्षा में एआई का विस्तार
बैठक में स्वास्थ्य क्षेत्र में एआई आधारित रोग पहचान प्रणाली, डेटा आधारित निर्णय तंत्र, कृषि क्षेत्र में किसानों को डिजिटल सेवाओं की बेहतर पहुंच और शिक्षा में एआई आधारित शिक्षण व कौशल विकास जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श होगा। साथ ही एआई स्किलिंग, एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, स्टार्टअप इकोसिस्टम और पर्यावरण संरक्षण के लिए अत्याधुनिक तकनीकों के उपयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा की जाएगी।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
