यूएस ओपन में अनोखा वाकया : कोर्ट में टेनिस, दर्शक दीर्घा से गांजे की गंध, परेशान टेनिस स्टार ने रोका मुकाबला, फिर क्या हुआ जानें

न्यूयॉर्क। यूएस ओपन के मुकाबले में दुनिया की नंबर-1 महिला टेनिस खिलाड़ी आर्यना सबालेंका को उस समय अजीब स्थिति का सामना करना पड़ा, जब दर्शक दीर्घा से आ रही तेज गांजे की गंध के कारण उन्हें खेल रोककर चेयर अंपायर से शिकायत करनी पड़ी। लुइस आर्मस्ट्रॉन्ग स्टेडियम में कामिला राखिमोवा के खिलाफ तीसरे दौर का मुकाबला खेल रही सबालेंका को मैच के तीसरे गेम में स्टैंड्स से मारिजुआना की तेज गंध महसूस हुई।
सर्विस के बीच अंपायर से बोलीं- कोई गांजा पी रहा है
घटना उस समय हुई जब सबालेंका सर्विस कर रही थीं और स्कोर 30-0 था। कोर्ट के दक्षिणी छोर से सर्विस करते हुए अचानक उन्होंने चेयर अंपायर का ध्यान स्टैंड्स की ओर खींचा। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, ‘कोई गांजा पी रहा है।’ इसके बाद सबालेंका ने अंपायर से मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की। उनका कहना था कि गंध इतनी तेज थी कि खेल पर ध्यान केंद्रित करना मुश्किल हो रहा था। उन्होंने कहा कि क्या इस मामले में कुछ किया जा सकता है, क्योंकि गंध बेहद तेज है।
स्टेडियम स्टाफ ने शुरू की तलाश
सबालेंका की शिकायत के तुरंत बाद चेयर अंपायर ने स्टेडियम के कर्मचारियों को बुलाया। यूएस ओपन के स्टाफ ने दर्शक दीर्घा में जाकर गंध के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की। इस पूरी प्रक्रिया के चलते मुकाबला कुछ देर के लिए बाधित रहा। स्थिति को संभालने के बाद मैच दोबारा शुरू किया गया। हालांकि, इस असामान्य घटना का सबालेंका के प्रदर्शन पर लंबे समय तक कोई असर नहीं पड़ा। उन्होंने आक्रामक खेल जारी रखा और राखिमोवा की चुनौती को पार करते हुए चैथे दौर में प्रवेश कर लिया।
मन्नारिनो भी कर चुके हैं ऐसी शिकायत
यूएस ओपन के दौरान यह पहली बार नहीं है, जब किसी खिलाड़ी ने कोर्ट के आसपास मारिजुआना की गंध को लेकर परेशानी जताई हो। फ्रांस के अनुभवी खिलाड़ी एड्रियन मन्नारिनो भी टूर्नामेंट के दौरान ऐसी गंध को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं।
दर्शक दीर्घा से आने वाली गंध को लेकर खिलाड़ियों की शिकायत ने एक बार फिर स्टेडियम में दर्शकों के व्यवहार और खेल के माहौल से जुड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। टेनिस जैसे बेहद एकाग्रता वाले खेल में छोटी-सी परेशानी भी खिलाड़ी के प्रदर्शन को प्रभावित कर सकती है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
