शुक्रवार, 4 सितंबर 202612:10:29 PM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

दुबई में क्रिकेट का महासंग्राम : भारत-पाकिस्तान की महिला कल होंगी आमने-सामने, एक की फाइनल तो दूसरे की जीत पर होगी नजर

admin

admin

Sep 04, 2026
10:41 AM
भारत-पाकिस्तान की महिला कल होंगी आमने-सामने, एक की फाइनल तो दूसरे की जीत पर होगी नजर

दुबई। एशिया कप में अब वह मुकाबला सामने है, जिसका क्रिकेट प्रेमियों को बेसब्री से इंतजार रहता है। भारतीय महिला टीम शनिवार को दुबई में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ मैदान में उतरेगी। भारत अपने शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर पहले ही सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुका है, ऐसे में उसके लिए यह मुकाबला अगले दौर की तैयारी के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा। वहीं पाकिस्तान के लिए यह मैच बेहद अहम है, क्योंकि हार उसकी सेमीफाइनल की उम्मीदों को बड़ा झटका दे सकती है।

भारत का पलड़ा भारी, लेकिन पाकिस्तान से मुकाबला हमेशा हाई-वोल्टेज

आंकड़ों में भारतीय टीम पाकिस्तान पर भारी रही है और इस मुकाबले में भी उसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। हालांकि दोनों टीमों के बीच जब भी मुकाबला होता है, दबाव और रोमांच अपने चरम पर रहता है। पाकिस्तान ने अपने शुरुआती मुकाबले में थाईलैंड को हराकर आगे बढ़ने की उम्मीद कायम रखी है। ऐसे में वह भारत के खिलाफ पूरी ताकत झोंकने की कोशिश करेगा।

मंधाना-शेफाली की जोड़ी पर फिर नजर

भारतीय बल्लेबाजी की सबसे बड़ी ताकत उसकी सलामी जोड़ी है। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा शानदार लय में हैं। मंधाना ने हांगकांग के खिलाफ शानदार शतक लगाकर टूर्नामेंट में अपनी मौजूदगी का जोरदार एहसास कराया है। दुबई की पिच पर बल्लेबाजों के लिए शुरुआत आसान नहीं रहती। गेंद की गति और उछाल को समझने के बाद ही बल्लेबाज खुलकर शॉट खेल पाते हैं।

मध्यक्रम को दिखानी होगी बड़ी पारी

मंधाना और शेफाली के बाद प्रतिका रावल, ऋचा घोष और कप्तान हरमनप्रीत कौर पर जिम्मेदारी होगी। अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने में मध्यक्रम अब तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सका है। खासतौर पर नंबर तीन पर उतर रहीं रावल के प्रदर्शन पर नजर रहेगी। वनडे क्रिकेट में प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाली रावल को टी20 प्रारूप की तेज रफ्तार के अनुरूप खुद को ढालना होगा।

गेंदबाजी में भारत मजबूत, पाकिस्तान के सामने बड़ी चुनौती

भारतीय गेंदबाजी में नंदिनी शर्मा का प्रदर्शन टीम के लिए सकारात्मक संकेत है। वह क्रांति गौड़ के साथ नई गेंद संभाल रही हैं। दूसरी ओर पाकिस्तान की सबसे बड़ी कमजोरी उसकी बल्लेबाजी बनी हुई है। भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ जीत के लिए पाकिस्तान के बल्लेबाजों को अपने प्रदर्शन में बड़ा सुधार करना होगा।

प्लेइंग-11 में बदलाव पर भी नजर

पाकिस्तान अपनी टीम में कुछ बदलाव कर सकता है, जबकि भारतीय टीम के संयोजन में बड़े बदलाव की संभावना कम है। हालांकि रेणुका ठाकुर की वापसी को लेकर फैसला अहम रहेगा। भारत के पास जीत की लय बरकरार रखने का मौका है, जबकि पाकिस्तान के लिए यह मुकाबला सेमीफाइनल की उम्मीद बचाने की निर्णायक जंग बन गया है।

संभावित भारतीय टीमः स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, नंदिनी शर्माध्रेणुका ठाकुर, श्री चरणी, क्रांति गौड़।

संभावित पाकिस्तान टीमः मुनीबा अली (विकेटकीपर), शावल जुलफिकर, गुल फिरोजा, आयशा जाफर, सदाफ शमास, फातिमा सना (कप्तान), एयमान फातिमा, उम-ए-हानी, तुबा हसन, नाशरा संधू, सादिया इकबाल।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें