संस्कारधानी में दबंगई की हद पार : रहम की गुहार लगाते रहे मासूम, नहीं पसीजा दबंगों का दिल, बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल

जबलपुर। जलबपुर को संस्कारधानी के नाम से जाना जाता है, लेकिन यहां पर एक ऐसी घटना घटी, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। घटना बगदरी वाॅटरफाल की है। यहां पर नहाने गए दो मासूम बच्चों को दबंगों ने अर्धनग्न कर बेरहमी से पीटा है। दबंगों ने चोरी को आरोप लगाकर बच्चों के कपड़े उतरवाकर उनकी बेदम पिटाई की। हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपियों ने बच्चों की पिटाई का वीडियो भी बनाया और सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया।
वायरल वीडियो में मासूम जान बचाने और रहम की गुहार लगाते नजर आ रहे हैं, लेकिन आरोपियों की हैवानियत कम नहीं हुई। शराब के पैसों के लिए बच्चों से कथित वसूली और मोबाइल छीनने की इस घटना ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रहम की गुहार लगाते रहे मासूम, नहीं पसीजा दबंगों का दिल
वायरल वीडियो में दोनों बच्चे बुरी तरह डरे-सहमे नजर आ रहे हैं। वे लगातार गिड़गिड़ाकर खुद को निर्दोष बताते और छोड़ने की गुहार लगाते दिखाई दे रहे हैं। इसके बावजूद आरोपी युवक उनके साथ मारपीट करते रहे और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते रहे। घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भी भारी आक्रोश है।
शराब के पैसों के लिए वसूली का आरोप
जानकारी के मुताबिक, दोनों पीड़ित बच्चे पाटन क्षेत्र के रहने वाले हैं। वे बगदरी वॉटरफॉल में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने शराब पीने के लिए बच्चों से पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर उन पर चोरी का झूठा आरोप लगाया गया, उनका मोबाइल छीन लिया गया और मारपीट शुरू कर दी गई।
दमोह के बताए जा रहे आरोपी
प्रारंभिक जानकारी में आरोपी युवक दमोह जिले के तेंदूखेड़ा क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मासूमों के साथ हुई इस दरिंदगी ने सुरक्षा व्यवस्था और ऐसे पर्यटन स्थलों पर दबंगई पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
