ग्वालियर का ऐतिहासिक गोपाल मंदिर : सोना, हीरे-पन्ने और मोतियां ... 120 करोड़ के रत्नों से सजे राधा-कृष्ण, जन्माष्टमी पर दिखा रियासतकालीन राजसी वैभव

ग्वालियर। जन्माष्टमी के पावन पर्व पर ग्वालियर का ऐतिहासिक गोपाल मंदिर एक बार फिर अपनी रियासतकालीन शान और बेशकीमती वैभव से जगमगाने को तैयार है। फूलबाग स्थिति मंदिर में भगवान राधा-कृष्ण के विशेष राजसी श्रृंगार के लिए करोड़ों रुपए कीमत के दुर्लभ आभूषणों से सजाया गया है। बेसकीमती आभूषणों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मंदिर पहुंचाए गए। इसके बाद अब रात 12 बजे श्रद्धालुओं को भगवान के इस भव्य और अलौकिक स्वरूप के दर्शन होंगे।
करोड़ों के आभूषणों की सुरक्षा में कड़ा पहरा
गोपाल मंदिर में भगवान के श्रृंगार के लिए पहुंचाए गए आभूषण बेहद कीमती और ऐतिहासिक बताए जाते हैं। इन्हें सुरक्षित तरीके से मंदिर तक पहुंचाने के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। इन बेशकीमती आभूषणों की कीमत 120 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है। खास मौकों पर ही इन आभूषणों को भगवान के श्रृंगार में इस्तेमाल किया जाता है।

सोना-हीरे से सजेगा राधा-कृष्ण का दरबार
राधा-कृष्ण का श्रृंगार सोने के साथ ही हीरे, पन्ने, मोती और अन्य बहुमूल्य रत्नों से तैयार आभूषणों से किया जाएगा। राजसी आभूषणों से सजे भगवान के दर्शन श्रद्धालुओं के लिए बेहद दुर्लभ और यादगार अनुभव होंगे। मंदिर में विशेष श्रृंगार के साथ जन्माष्टमी उत्सव को भव्य रूप देने की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं।
मोती-पन्नों वाला हार सबसे खास
भगवान श्रीकृष्ण के श्रृंगार में रत्नजड़ित मुकुट समेत कई दुर्लभ आभूषण शामिल होंगे। इनमें पुखराज, माणिक और पन्ने जैसे कीमती रत्नों की चमक श्रद्धालुओं का ध्यान खींचेगी। राधारानी के लिए करीब तीन तोला वजन का रत्नजड़ित मुकुट तैयार किया जाएगा।

मंदिर के खजाने में मौजूद सात लड़ियों वाला हार विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। इस हार में 62 असली मोती और 55 पन्ने जड़े हुए हैं। इसकी अनुमानित कीमत करीब 35 करोड़ रुपए बताई जाती है। वहीं रत्नजड़ित मुकुट की कीमत करीब 25 करोड़ और सोने के मुकुट की कीमत लगभग 1.25 करोड़ रुपए आंकी गई है।
1843 में बना था ऐतिहासिक मंदिर
गोपाल मंदिर का निर्माण सिंधिया राजवंश की महारानी बैजाबाई ने 1843 में कराया था। सफेद संगमरमर से निर्मित यह मंदिर मराठा और यूरोपीय वास्तुकला के मिश्रित स्वरूप के लिए जाना जाता है। गर्भगृह के चांदी से मढ़े दरवाजे इसकी भव्यता को और बढ़ाते हैं। जन्माष्टमी पर करोड़ों के आभूषणों से सजे राधा-कृष्ण के दर्शन एक बार फिर ग्वालियर की ऐतिहासिक विरासत और धार्मिक आस्था को एक साथ जीवंत करेंगे
जन्माष्टमी पर उमड़ेगा आस्था का सैलाब
भगवान राधा-कृष्ण के इस ऐतिहासिक स्वरूप के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। राजसी आभूषणों से सजा गोपाल मंदिर का दरबार जन्माष्टमी पर ग्वालियर की धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करेगा।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
