सोमवार, 16 नवंबर 202612:13:00 AM
Download App
Home/देश

छठ पर्व : CM ने छठी मैया की पूजा कर लिया आशीर्वाद : डॉ. यादव बोले - 36 घंटे के कठिन व्रत में दिखता है त्याग और समर्पण

admin

admin

Nov 15, 2026
05:04 PM
डॉ. यादव बोले - 36 घंटे के कठिन व्रत में दिखता है त्याग और समर्पण

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि छठ पर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि पवित्रता, संयम, अनुशासन और समर्पण की अद्भुत मिसाल है। माताएं-बहनें परिवार की सुख-समृद्धि, पति की लंबी आयु, बच्चों के मंगल और सभी के उत्तम स्वास्थ्य की कामना के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत रखती हैं। उनका यह त्याग और तपस्या पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। सूर्यदेव की उपासना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने वाला यह महापर्व अब पूर्वी भारत की सीमाओं से निकलकर पूरे देश में आस्था और उत्साह का प्रतीक बन गया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को भोपाल के प्रेमपुरा घाट पर छठ पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने छठी मैया के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

36 घंटे के कठिन व्रत में दिखता है त्याग और समर्पण

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ पर्व पर व्रती महिलाएं पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ कठिन निर्जला व्रत करती हैं। यह पर्व परिवार के कल्याण की कामना के साथ त्याग, तपस्या और अनुशासन का संदेश देता है। छठी मैया के प्रति श्रद्धा और मन का अटूट विश्वास इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषता है। यह हमें अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने के साथ सामूहिक आस्था की शक्ति का भी अहसास कराता है।

उगते और डूबते सूर्य दोनों की होती है पूजा

डॉ. यादव ने कहा कि छठ पर्व प्रकृति के साथ जुड़ने और ऊर्जा के अनंत स्रोत सूर्यनारायण को नमन करने का अवसर प्रदान करता है। इस पर्व की विशेषता है कि इसमें उगते सूर्य के साथ अस्त होते सूर्य की भी उपासना की जाती है। यह परंपरा हमें प्रकृति के प्रत्येक रूप के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव रखना सिखाती है। पर्व पर बनने वाले पकवान भी घरों में पूरी शुद्धता और पवित्रता के साथ तैयार किए जाते हैं।

छठ गीतों से भक्तिमय हुआ प्रेमपुरा घाट

मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रेमपुरा घाट पहुंचे तो उन्होंने व्रती महिलाओं को प्रणाम कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद छठी मैया की पूजा-अर्चना की और सूर्यदेव की आराधना में शामिल हुए। फूलों, दीपों और रंगोली से सजे घाट पर छठ गीतों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। मुख्यमंत्री के पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने 'छठी मैया की जय' और 'सूर्यदेव की जय' के जयकारे लगाकर उनका स्वागत किया।

घाट पर हजारों व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान महापौर श्रीमती मालती राय, विधायक भगवानदास सबनानी, श्री रविन्द्र यति, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पूर्वांचल समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें