मंत्री सारंग का युवाओं को संदेश : सपनों को पूरा करने अवसरों का असीमित आसमान, लेकिन हर उपलब्धि मातृभूमि को हो समर्पित

भोपाल। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि देश के युवाओं के सामने अवसरों का असीमित आसमान खुला है। युवा अपने सपनों को पूरा करने के लिए पूरी क्षमता और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें, लेकिन उनकी हर उपलब्धि और प्रयास मातृभूमि को समर्पित होना चाहिए। देश का निर्माण और भारत को विकसित राष्ट्र बनाना युवाओं का सर्वोच्च लक्ष्य होना चाहिए। मंत्री सारंग सेज विश्वविद्यालय में आयोजित यूथ एम्पावरमेंट कॉन्क्लेव को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने युवाओं से राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाने, सामाजिक एकता बनाए रखने और अपनी प्रतिभा का उपयोग देशहित में करने का आह्वान किया।
क्रांतिकारियों के बलिदान से लें राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा
मंत्री सारंग ने कहा कि भारत की आजादी असंख्य क्रांतिकारियों के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। चंद्रशेखर आजाद और अशफाक उल्ला खान जैसे वीरों ने मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। युवाओं को उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्रप्रेम और समर्पण की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
असली जेन-जी वही, जो देश के लिए काम करे
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। देश को विश्व का अग्रणी राष्ट्र बनाने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। जाति, धर्म और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में काम करना होगा। जो युवा अपनी प्रतिभा, ज्ञान और सामर्थ्य का उपयोग देश निर्माण में करते हैं, वही वास्तविक अर्थों में असली जेन-जी हैं।
नशे से दूर रहें, खेलों को बनाएं जीवन का हिस्सा
सारंग ने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों के प्रति आकर्षण बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल केवल शरीर को स्वस्थ नहीं रखते, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और संघर्ष करने का जज्बा भी विकसित करते हैं। युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक और रचनात्मक कार्यों में लगानी चाहिए।
देश की एकता और अखंडता की जिम्मेदारी युवाओं पर
मंत्री ने कहा कि कुछ ताकतें समाज में विभाजन पैदा करने और देश को तोड़ने का प्रयास करती हैं। युवाओं को ऐसी ताकतों से सतर्क रहना होगा। देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता मजबूत बनाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए पूरी निष्ठा और सामर्थ्य के साथ योगदान देने का आह्वान किया।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
