मूसलाधार बारिश से आधीरात टूटा आशियाना : मलबे में दबे में परिवार के पांच लोग, मां-बेटे की मौत, ग्वालियर में दर्दनाक हादसा

ग्वालियर। मध्यप्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी है। सूबे के कई जिलों में हो रही मूसलाधार बारिश से तबाही भी देखने को मिल रही है। ग्वालियर जिले के डबरा में बुधवार रात तेज बारिश एक परिवार के लिए जिंदगी का सबसे भयावह हादसा बन गई। जंगीपुरा इलाके में रात करीब साढ़े 11 बजे एक दोमंजिला कच्चे मकान का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। इस हादसे में मौजूद परिवार के पांच सदस्य मलबे के नीचे दब गए। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई।
मलबे से निकाले गए पांच लोग, अस्पताल पहुंचते ही बच्चे ने तोड़ा दम
वहीं हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला और डबरा सिविल अस्पताल पहुंचाया। लेकिन हादसे ने दो जिंदगियां छीन लीं। दो वर्षीय आदित्य रजक उर्फ गुन्नू ने अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में दम तोड़ दिया। उसकी मां सीमा रजक (33) की इलाज के दौरान मौत हो गई।
सीमा के पति जागेंद्र रजक (38) और उनकी बेटियां वैशाली (5) व रागिनी (8) घायल हैं। तीनों को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है।
इलाज में लापरवाही के आरोप पर अस्पताल में हंगामा
सीमा की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पड़ोसी वीरू रजक का कहना था कि अस्पताल लाए जाने के समय सीमा की सांसें चल रही थीं। परिजनों ने आरोप लगाया कि समय पर उचित उपचार मिलता तो उसकी जान बच सकती थी।
मामले की सूचना पर एसडीएम नवकिरण कौर, एसडीओपी सौरभ कुमार और तहसीलदार नवीन भारद्वाज अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को सांत्वना दी और जांच के बाद दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
