गुरुवार, 3 सितंबर 202607:12:18 AM
Download App
Home/देश

PM मोदी के 25 साल : मप्र बजेगा सेवा संकल्प अभियान का बिगुल, CM ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, जन्मदिन पर रोशन होगा महाकाल लोक

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Sep 03, 2026
06:05 AM
मप्र बजेगा सेवा संकल्प अभियान का बिगुल, CM ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, जन्मदिन पर रोशन होगा महाकाल लोक

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के खास मौके पर मप्र सरकार एक महीने तक जनभागीदारी ‘सेवा-संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान की सफलता को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों के साथ हाईलेवल मीटिंग की है। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिया है कि प्रधानमंत्री की सार्वजनिक यात्रा को केवल राजनीतिक उपलब्धियों के रूप में नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की दीर्घकालीन यात्रा के रूप में जनता तक पहुंचाया जाए।

17 सितंबर से शुरू होगा अभियान

मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं और मध्यप्रदेश के नवाचारों को आम लोगों के बीच ले जाने के साथ जनसंवाद की गतिविधियां आयोजित होंगी। अभियान के दौरान प्रत्येक शुक्रवार को जिलों में विशेष कार्यक्रम करने के निर्देश दिए गए हैं।

सभी जिलों में तैयार की गई विकास पुस्तिकाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने तथा मंत्रियों द्वारा अपने विभाग और प्रभार वाले जिलों में अभियान की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्रत्येक जिले में तिथिवार कार्यक्रम तय होंगे और विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर रहेगा।

महाकाल महालोक में रोशन होंगे हजारों दीप

प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर उज्जैन के महाकाल महालोक में बड़े स्तर पर दीप प्रज्ज्वलन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रदेश में प्रधानमंत्री द्वारा लोकार्पित, भूमिपूजन किए गए अथवा जिन परियोजनाओं की सौगात दी गई है, उन स्थानों पर भी विशेष आयोजन होंगे।

मुख्यमंत्री ने नर्मदा परियोजना, सरदार सरोवर बांध, केन-बेतवा लिंक और पार्वती-कालीसिंध-चंबल परियोजनाओं से प्रदेश को मिले लाभों को जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए। सड़क परियोजनाओं से बढ़ी कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को भी अभियान में प्रमुखता दी जाएगी।

13 थीम पर होंगे कार्यक्रम

अभियान में कुल 13 प्रमुख कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इनमें ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वड़नगर से वाराणसी’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’, ‘रंगोली राष्ट्र’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट तक’ शामिल हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें