खजुराहो एयरपोर्ट का गजब खेल! : फ्लाइट ZERO, फिर भी 100% संतुष्ट पैसेंजर! खजुराहो एयरपोर्ट का ‘अजब’ CSI सर्वे

छतरपुर। मध्यप्रदेश के खजुराहो एयरपोर्ट को लेकर एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के कस्टमर सेटिस्फैक्शन इंडेक्स यानी CSI सर्वे पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दावा है कि खजुराहो एयरपोर्ट को यात्रियों की संतुष्टि के मामले में 100 फीसदी स्कोर मिला है। हैरानी की बात यह है कि फिलहाल यहां से न कोई फ्लाइट उड़ रही है और न ही कोई फ्लाइट लैंड कर रही है।
खजुराहो एयरपोर्ट पर फिलहाल फ्लाइट सेवा बंद
रिपोर्ट के मुताबिक, 1 जुलाई 2026 से खजुराहो एयरपोर्ट पर विमान सेवाएं पूरी तरह बंद हैं। ऑपरेशनल कारणों से बंद हुई उड़ान सेवाओं के अक्टूबर 2026 से पहले शुरू होने की संभावना नहीं बताई जा रही है। इससे खजुराहो आने-जाने वाले यात्रियों और पर्यटन कारोबार पर भी असर पड़ रहा है।
विमान सेवाएं बंद होने से पहले भी खजुराहो एयरपोर्ट से उड़ानों की संख्या सीमित थी। रिपोर्ट्स के अनुसार दिल्ली और वाराणसी को जोड़ने वाली सीमित उड़ान सेवाएं ही यहां उपलब्ध थीं।
फिर 100% Customer Satisfaction कैसे?
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब एयरपोर्ट पर फ्लाइट और पैसेंजर ट्रैफिक ही नहीं है, तो Customer Satisfaction 100 फीसदी कैसे हो गई?
दरअसल, AAI के CSI सर्वे में एयरपोर्ट की सेवाओं और सुविधाओं को कई मानकों पर परखा जाता है। इसमें पार्किंग, साफ-सफाई, वाई-फाई, खाने-पीने की सुविधाएं, स्टाफ का व्यवहार और अन्य यात्री सुविधाएं शामिल होती हैं।
यानी सर्वे का फोकस केवल फ्लाइट की संख्या या एयर ट्रैफिक पर नहीं होता।
खजुराहो एयरपोर्ट का विरोधाभास
यही वजह है कि खजुराहो एयरपोर्ट का मामला एक दिलचस्प विरोधाभास सामने रखता है—फ्लाइट नहीं, यात्री नहीं, लेकिन Customer Satisfaction 100 फीसदी।
सवाल यह है कि किसी एयरपोर्ट की सफलता का पैमाना सिर्फ उसकी साफ-सफाई और सुविधाएं होना चाहिए या फिर बेहतर एयर कनेक्टिविटी और पर्याप्त उड़ानें भी यात्री संतुष्टि का अहम हिस्सा होनी चाहिए?
खजुराहो विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है। ऐसे में एयर कनेक्टिविटी का मजबूत होना पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए बेहद अहम है। फिलहाल खजुराहो एयरपोर्ट की उड़ान सेवाएं कब बहाल होती हैं, इस पर सबकी नजर है।
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
