आज छत्तीसगढ़ में क्या-क्या हुआ? दिनभर की बड़ी खबरें : सीएम का औचक निरीक्षण, नए डीजीपी और सरकार का मितव्ययिता आदेश

मोदी की अपील के बाद खर्चों में कटौती
छत्तीसगढ़ शासन के वित्त विभाग ने शासकीय व्यय में मितव्ययिता एवं वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वित्त निर्देश जारी किया है। विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार सभी विभागों, संभागीय आयुक्तों, कलेक्टरों तथा विभागाध्यक्षों को सरकारी संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग तथा अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार के आदेश में मंत्रियों और अधिकारियों को कारकेड वाहन कम करने, वर्चुअल मीटिंग को बढ़ावा देने, विदेश यात्राओं पर प्रतिबंध, अनुमति के बाद ही ज़रूरी विदेश यात्राओं के लिए कहा गया है। पीएम मोदी के आह्वान के बाद मुख्यमंत्री साय अपने कारकेड में पहले ही कटौती कर चुके हैं।
अमित शाह के दौरे से पहले पूर्णकालिक डीजीपी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 18-19 मई के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे से पहले राज्य मे बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। 1992 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अरुण देव गौतम को नया पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है। संयुक्त राष्ट्र पदक से सम्मानित गौतम नक्सल प्रभावित इलाकों में अपनी प्रभावी रणनीति और मजबूत प्रशासनिक क्षमता के लिए जाने जाते हैं। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में राज्य मे नक्सल विरोधी अभियानों को नई दिशा मिलेगी।
विस्तार में खबर पढ़ने के लिए नीचे दी लिंक को क्लिक करें-
छत्तीसगढ़ः अरुणदेव गौतम होंगे नए डीजीपी, : शाह के दौरे से पहले मिली बड़ी जिम्मेदारी, नक्सल प्रभावित जिलों में रही है मजबूत पकड़
गौधाम व्यवस्था पर हाई कोर्ट सख्त
बिलासपुर के लाखासार सुरभि गौधाम मामले में छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने दावा किया कि गौधाम में पशुओं के लिए पर्याप्त चारा, पानी और रहने की व्यवस्था उपलब्ध है। हालांकि चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल की डिवीजन बेंच ने सवाल उठाया कि यदि व्यवस्थाएं पूरी हैं तो सड़कों पर बड़ी संख्या में बेसहारा मवेशी क्यों दिखाई दे रहे हैं। कोर्ट ने माना कि जमीनी स्तर पर इंतजाम अभी भी पर्याप्त नहीं हैं।
विस्तार में खबर पढ़ने के लिए नीचे दी लिंक को क्लिक करें-
बिलासपुर गौधाम व्यवस्था पर हाई कोर्ट सख्त : सरकार से किए तीखे सवाल, कहा- जमीनी स्तर पर किए इंतजाम अब भी अपर्याप्त
अफसरों की विदेश यात्रा पर रोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद विष्णु देव साय सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए अधिकारियों की विदेश यात्राओं पर रोक लगा दी है। वित्त विभाग के आदेश के अनुसार अब किसी भी अधिकारी को विदेश यात्रा से पहले मुख्यमंत्री की पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
सुशासन तिहार में सीएम का औचक निरीक्षण
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार के तहत जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड के ग्राम कोसला का औचक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से सीधे जन समस्या निवारण शिविर पहुंचे, जिससे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। इस दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने माता कौशल्या मंदिर में पूजा-अर्चना की। संत रामभद्राचार्य द्वारा कोसला गांव को माता कौशल्या की जन्मभूमि बताए जाने के बाद गांव को विशेष पहचान दिलाने की मांग लंबे समय से उठ रही है।
कोसला में सीएम की तस्वीरें और वीडियो देखने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें-
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
