सुशासन तिहार के बीच सीएम साय का औचक निरीक्षण : कोसला बना चर्चा का केंद्र

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार के तहत जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम कोसला का औचक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से सीधे जन समस्या निवारण शिविर में पहुंचे, जिससे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। सीएम के अचानक पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आत्मीय स्वागत किया। बताया जा रहा है कि दौरे के दौरान जिले के कई अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं थे।मुख्यमंत्री के साथ वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी मौजूद रहे।
ग्रामीणों से किया संवाद
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कोसला स्थित माता कौशल्या मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और मंदिर परिसर मे श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, आस्था और परंपराएं प्रदेश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। हमारी सरकार विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है। मंदिर सेवा समिति द्वारा मुख्यमंत्री श्री साय को माता कौशल्या मंदिर का आकर्षक छायाचित्र स्मृति स्वरूप भेंट किया गया
चर्चा का केंद्र बना कोसला ग्राम
गौरतलब है कि संत रामभद्राचार्य ने कोसला गांव को माता कौशल्या की जन्मभूमि बताया था। भगवान राम का “मामा गांव” माने जाने के कारण ग्रामीण लंबे समय से कोसला को विशेष पहचान और शासन स्तर पर विकास सुविधाएं देने की मांग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री श्री साय के अचानक आगमन से क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीणजन एवं स्थानीय नागरिक इस अवसर पर उपस्थित थे
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
