शुक्रवार, 29 मई 202605:36:16 PM
Download App
Home/छत्तीसगढ़

पढ़िए छत्तीसगढ़ की सुबह की बड़ी खबरें : रेत खनन के दौरान मिले नरकंकाल,श्रमिक परिवारों के बच्चों के लिए बड़ी खुशखबरी,कुत्ते के काटने से हुई मौत

नीरज द्विवेदी

नीरज द्विवेदी

May 29, 2026
05:57 AM
रेत खनन के दौरान मिले नरकंकाल,श्रमिक परिवारों के बच्चों के लिए बड़ी खुशखबरी,कुत्ते के काटने से हुई मौत

धमतरी में रेत खनन के दौरान मिले 10 से ज्यादा नरकंकाल

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले स्थित ग्राम खरेंगा में रेत खदान से नर कंकाल मिलने की घटना ने पूरे क्षेत्र में खलबली मचा दी है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि वर्षों पुराने पारंपरिक श्मशान स्थल पर रेत माफिया अवैध उत्खनन कर रहे थे, जिसके चलते यह संवेदनशील स्थिति सामने आई है. घटना के बाद खनिज विभाग और जिला प्रशासन पर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं.

जानकारी के अनुसार गुरुवार को गांव में मनरेगा का कार्य चल रहा था. इसी दौरान ग्रामीणों को सूचना मिली कि शमशान घाट की ओर से रेत निकासी की जा रही है और खुदाई में नर कंकाल बाहर आ रहे हैं. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे. वहां का दृश्य देखकर लोग सन्न रह गए. अलग-अलग जगहों पर मानव कंकाल बिखरे पड़े थे, जबकि दो से तीन ट्रैक्टर रेत से भरे खड़े मिले. ग्रामीणों को देखते ही ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए.

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन जारी है. सीमांकन को लेकर भी विवाद बना हुआ है. अब तक करीब 10 नर कंकाल मिलने की बात कही जा रही है, जिनमें कुछ अवशेष ताजा बताए जा रहे हैं. ग्रामीणों ने तत्काल अवैध उत्खनन बंद करने की मांग की है. उनका कहना है कि दूसरे स्थान की रॉयल्टी का उपयोग कर यहां अवैध तरीके से रेत निकाली जा रही है और बाहरी रेत माफिया इस पूरे खेल को संचालित कर रहे हैं.

श्रमिक परिवारों के बच्चों के लिए बड़ी खुशखबरी!

छत्तीसगढ़ के संगठित क्षेत्र में कार्यरत बीमित श्रमिकों के बच्चों के लिए मेडिकल शिक्षा का बड़ा अवसर सामने आया है. कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) ने देशभर के 20 मेडिकल कॉलेजों में MBBS और BDS पाठ्यक्रमों के लिए 700 सीटें आरक्षित की हैं.

इन सीटों पर प्रवेश NEET UG परीक्षा की मेरिट के आधार पर दिया जाएगा. श्रम विभाग ने पात्र विद्यार्थियों से जल्द आवेदन करने की अपील की है। आवेदन की अंतिम तिथि 21 जून 2026 निर्धारित की गई है. यह योजना श्रमिक परिवारों के बच्चों को डॉक्टर बनने का सुनहरा मौका प्रदान करेगी.

वन अधिकार पट्टा ऑनलाइन करने के नाम पर पटवारी ने ली रिश्वत

कोरबा जिले से भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आया है. पसान तहसील के हल्का नंबर-10 में पदस्थ पटवारी विनोद अग्रवाल पर वन अधिकार पट्टा ऑनलाइन करने के बदले रिश्वत लेने का आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि पटवारी ने ग्रामीण से 4 हजार रुपये की घूस ली, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

मामला पिपरिया ग्राम पंचायत के तेंदुपारा का बताया जा रहा है. वायरल वीडियो में कथित तौर पर पटवारी पैसे लेते हुए नजर आ रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि नामांतरण और वन अधिकार पट्टा से जुड़े कामों के लिए पटवारी 5 हजार से 10 हजार रुपये तक की मांग करता है.

पीड़ित ग्रामीण ने प्रशासन से मामले की जांच कर पटवारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. वहीं वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है. अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है.

कुत्ते के काटने से हुई मौत,पीड़ित पहुंचा कोर्ट

बिलासपुर। आवारा कुत्तों के हमले और काटने की घटनाओं पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा स्वतः संज्ञान लेकर सुनवाई किए जाने के बीच बिलासपुर हाईकोर्ट में भी एक गंभीर याचिका दाखिल हुई है। याचिकाकर्ता पिता ने कोर्ट को बताया है कि उसके बेटे की मौत कुत्ते के काटने के कारण हुई है। बेटे की मौत के बाद पिता ने राज्य शासन से क्षतिपूर्ति राशि दिलाने की मांग करते हुए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। 

मामले में कोर्ट ने मुख्य सचिव से शपथ पत्र के साथ जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। इस याचिका ने राज्य सरकार को असमंजस की स्थिति में डाल दिया है कि आखिर किस कानून या नियम के तहत मुआवजा प्रदान किया जाए। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 30 जून की तारीख तय की है। यह मामला जस्टिस एनके व्यास की वेकेशन बेंच में सुनवाई के लिए आया। राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता आरके गुप्ता ने कोर्ट को बताया कि कुत्ते के काटने से मौत की स्थिति में मुआवजा देने का कोई स्पष्ट प्रावधान शासन के पास नहीं है

थाना के बैरक में बैठकर जाम झलका रहे थे दो आरक्षक

राजनांदगांव: जिले के दो प्रधान आरक्षकों को पर बड़ा एक्शन हुआ है। एसपी ने दोनों आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। निलंबन अवधि में दोनों को मुख्यालय नहीं छोड़ने का आदेश दिया गया है।दरअसल, प्रधान आरक्षक हेमंत अनंत और भूपेंद्र कौचे ड्यूटी के दौरान थाने में बैठकर शराब पीते पकड़े गए थे। बताया जा रहा है कि 25 मई की रात करीब 11 बजे सोमनी थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक हेमंत अनंत और भूपेंद्र कौचे थाना के बैरक में शराब पी रहे थे।

मामला सामने आते ही एसपी अंकिता शर्मा ने बड़ा एक्शन लिया और दोनों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिया गया है। जिसमें निलंबन अवधि में दोनों को मुख्यालय नहीं छोड़ने का आदेश दिया गया है।

नीरज द्विवेदी
Written By

नीरज द्विवेदी

5 साल से ज्यादा का पत्रकारिता अनुभव। टीवी और प्रिंट मीडिया में कलमकारी की है। पॉलिटिकल और पब्लिक कनेक्ट की खबरों में दिलचल्पी। TV27NEWS DIGITAL में एंकरिंग भी कर रहे हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें