छत्तीसगढ़ की प्रमुख ख़बरें : बीजेपी विधायक पर FIR, धान घोटाला, भिलाई में लोहे की चोरी, तीजन बाई ICU में; कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

छत्तीसगढ़ की प्रमुख खबरें: 28/05/26
बीजेपी विधायक रामकुमार टोप्पो समेत 10 लोगों पर FIR
सरगुजा जिले के अंबिकापुर में सीतापुर से भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो समेत 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने आरोप लगाया है कि उनके साथ मारपीट की गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके की राजनीति गर्मा गई है।
पंडवानी गायिका तीजन बाई की हालत गंभीर
छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध पंडवानी कलाकार और पद्म विभूषण सम्मानित तीजन बाई की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। उन्हें रायपुर स्थित अस्पताल के MICU में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। कला जगत और प्रदेशभर में उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की जा रही है।
भिलाई स्टील प्लांट के लोहे की करोड़ों की चोरी का खुलासा
दुर्ग जिले के अकलोलडी गांव में भिलाई स्टील प्लांट से जुड़े करोड़ों रुपये के लोहे की चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने छापेमारी कर एक गोदाम से भारी मात्रा में संदिग्ध लोहा और मशीनें बरामद की हैं। मौके पर मिले लोहे के जखीरे को देखकर जांच एजेंसियां भी हैरान रह गईं। मामले में चोरी और अवैध कारोबार के एंगल से जांच जारी है।
कबीरधाम में डेढ़ करोड़ का धान घोटाला उजागर
कबीरधाम जिले के पंडरिया और लोहारा विकासखंड में धान खरीदी में बड़े घोटाले का खुलासा हुआ है। जांच में कामठी समिति में 3289 क्विंटल धान की फर्जी खरीदी-बिक्री सामने आई, जबकि धरमगढ़ क्षेत्र में करीब 1200 क्विंटल धान की हेराफेरी पाई गई है। खाद्य विभाग ने इसे शासन की धान उपार्जन नीति का गंभीर उल्लंघन मानते हुए समिति प्रबंधकों और ऑपरेटरों पर FIR दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
दीपक बैज का भाजपा सरकार पर हमला
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने रायपुर में पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि नगरीय निकाय और पंचायत उपचुनावों में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया जा रहा है। सूरजपुर में कांग्रेस नेता पर दर्ज आर्म्स एक्ट मामले को उन्होंने राजनीतिक प्रताड़ना बताया। बैज ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पार्टी लोकतंत्र के दमन के खिलाफ लगातार आंदोलन जारी रखेगी। उन्होंने बताया कि बस्तर और सरगुजा संभाग में भाजपा सरकार की नीतियों के विरोध में कांग्रेस ने बड़ा जनांदोलन शुरू किया है।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
