सरगुजा : सीतापुर में नायब तहसीलदार के साथ मारपीट और धक्का-मुक्की का मामला, BJP विधायक रामकुमार टोप्पो समेत 10 पर FIR, कलेक्टर ने लिया संज्ञान

सरगुजा: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर में विधायक और प्रशासन के बीच विवाद अब बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनता जा रहा है। बीजेपी विधायक रामकुमार टोप्पो समेत 10 लोगों पर नायब तहसीलदार के साथ मारपीट और धक्का-मुक्की का मामला दर्ज किया गया है। घटना के बाद इलाके में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। जानकारी के मुताबिक राजापुर चौक पर किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। आरोप है कि इस दौरान उनकी शर्ट तक फट गई। नायब तहसीलदार ने पूरे घटनाक्रम की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है।
घटना के दौरान सीतापुर एसडीएम फगेश सिन्हा भी मौके पर मौजूद थे। एसडीएम का कहना है कि उन्होंने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन विधायक समर्थकों ने उन्हें भी वहां से दूर कर दिया।मामले में पुलिस ने बीजेपी विधायक रामकुमार टोप्पो समेत 10 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि विधायक पक्ष ने भी प्रशासनिक अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विधायक की बहन सीमा धनकी ने नायब तहसीलदार पर बदतमीजी और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अधिकारियों के रवैये की वजह से विवाद की स्थिति बनी।

वहीं सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा है कि दोनों पक्षों की शिकायतें मिली हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
मामले में क्या-क्या हुआ?
राजापुर चौक पर हुआ विवाद
नायब तहसीलदार से धक्का-मुक्की और मारपीट का आरोप
शर्ट फटने का दावा
विधायक रामकुमार टोप्पो समेत 10 लोगों पर FIR
विधायक पक्ष ने भी अधिकारी पर लगाए आरोप
पुलिस और प्रशासन जांच में जुटा
घटना ने अब राजनीतिक रंग लेना शुरू कर दिया है। एक तरफ प्रशासनिक अधिकारी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ विधायक समर्थक इसे अधिकारियों की मनमानी बता रहे हैं। ऐसे में अब सभी की नजर पुलिस जांच और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
