बलौदाबाजार : करहीबाजार में जल जीवन मिशन की सामग्री चोरी, पुलिस ने एक घंटे में 4 आरोपियों को पकड़ा

बलौदाबाजार TV27NEWS रिपोर्टर अशोक टण्डन की खबर
बलौदाबाजार : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के करहीबाजार में जल जीवन मिशन के तहत बिछाई जा रही डीआई पाइप चोरी करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई पाइप, माजदा वाहन और हाइड्रा क्रेन समेत कुल 63 लाख 60 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है।
मामला पुलिस चौकी करहीबाजार क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक 26 मई की सुबह करहीबाजार-बिटकुली मार्ग में जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे रखे गए 26 नग लोहे के डीआई पाइप को आरोपी हाइड्रा क्रेन की मदद से माजदा वाहन में लोड कर चोरी कर ले जाने की कोशिश कर रहे थे।काम में लगे कर्मचारियों की सतर्कता और सूचना के बाद करहीबाजार पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों को मौके से हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने क्या-क्या किया बरामद?
26 नग डीआई पाइप कीमत लगभग ₹2 लाख 60 हजार
माजदा वाहन कीमत लगभग ₹16 लाख
हाइड्रा क्रेन कीमत लगभग ₹45 लाख
कुल मशरूका बरामद ₹63 लाख 60 हजार
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में विश्वनाथ ध्रुव, विकास ध्रुव, समीर दास मानिकपुरी और गोवर्धन साहू शामिल हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

वहीं पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। करहीबाजार पुलिस की त्वरित कार्रवाई से जल जीवन मिशन की सामग्री चोरी का बड़ा मामला सुलझ गया है।
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
