उनके बिना जिंदगी बेहद खाली : ही-मैन की पहली बरसी पर हेमा मालिनी का दर्द, तस्वीरे शेयर बोलीं, वह सिर्फ पति नहीं, थे मेरा पूरा अस्तित्व

मुंबई। बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र भले ही इस दुनिया को अलविदा कह चुके हैं, लेकिन उनकी यादें आज भी करोड़ों प्रशंसकों और परिवार के दिलों में जिंदा हैं। अभिनेता के निधन को एक साल पूरा होने पर उनकी पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी भावुक हो गईं। उन्होंने सोशल मीडिया पर धर्मेंद्र के साथ बिताए खूबसूरत पलों की कुछ पुरानी तस्वीरें साझा करते हुए अपने दिल का दर्द बयां किया। हेमा ने धर्मेंद्र को सिर्फ अपना जीवनसाथी ही नहीं, बल्कि दोस्त, मार्गदर्शक, हमसफर और जिंदगी की सबसे बड़ी ताकत बताया।
उनके बिना जिंदगी बेहद खाली लगती है
हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि एक साल तेजी से बीत गया, लेकिन उनका दुख आज भी उतना ही गहरा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसे इंसान को खोया है, जिसकी कमी कभी पूरी नहीं हो सकती। धर्मेंद्र उनके लिए सब कुछ थे। वह उनके दोस्त, मार्गदर्शक और हमसफर होने के साथ उनकी ताकत भी थे।
हेमा ने आगे लिखा कि धर्मेंद्र का शानदार व्यक्तित्व, उनके भीतर बसी अच्छाई और हर मिलने वाले के प्रति प्यार उन्हें बेहद खास बनाता था। इतनी बड़ी सफलता हासिल करने के बावजूद वह हमेशा जमीन से जुड़े रहे और अपनी जड़ों को कभी नहीं भूले।
भगवद्गीता का जिक्र कर बयां की अपनी भावनाएं
अपने भावुक संदेश में हेमा मालिनी ने भगवद्गीता का भी उल्लेख किया। उन्होंने लिखा कि गीता हमें सिखाती है कि आत्मा अमर है और उसका पुनर्जन्म होता है। वह इस सत्य को जानती हैं, लेकिन इस जीवन में धर्मेंद्र की प्यार भरी मौजूदगी को याद किए बिना नहीं रह सकतीं।
उन्होंने धर्मेंद्र को याद करने वाले लाखों प्रशंसकों का दिल से आभार जताया। हेमा ने कहा कि लोगों ने जिस प्यार और सम्मान के साथ धर्म जी को याद किया, उसके लिए वह सभी की शुक्रगुजार हैं।
24 नवंबर 2025 को दुनिया को कहा था अलविदा
गौरतलब है कि दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का निधन 24 नवंबर 2025 को मुंबई स्थित उनके आवास पर हुआ था। वह 89 वर्ष के थे। सांस लेने में परेशानी के चलते उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कई दिनों तक उनका उपचार चला। बाद में उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी और परिवार ने घर पर ही आगे का इलाज जारी रखा था।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
