शुक्रवार, 19 जून 202612:57:46 PM
Download App
Home/मध्यप्रदेश

मध्यप्रदेश की बड़ी खबरें : पीएससी परीक्षा पर हाईकोर्ट की मुहर, रीवा में ईडी का छापा , नीट छात्रा की मौत, खिलाड़ियों को मिलेगी पुलिस में सीधी भर्ती

आलोक त्रिपाठी

आलोक त्रिपाठी

Jun 19, 2026
10:31 AM
पीएससी परीक्षा पर हाईकोर्ट की मुहर, रीवा में  ईडी का छापा , नीट छात्रा की मौत, खिलाड़ियों को मिलेगी पुलिस में सीधी भर्ती

भोपाल: मध्य प्रदेश में शुक्रवार को शिक्षा, प्रशासन, खेल और स्वास्थ्य से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घटनाएं सामने आईं। राजधानी भोपाल में एक नीट अभ्यर्थी की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं हाईकोर्ट ने एमपी-पीएससी राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 के आयोजन का रास्ता साफ कर दिया। दूसरी ओर रीवा में ईडी की कार्रवाई और पटवारियों के तबादलों को लेकर प्रशासनिक हलकों में चर्चाएं तेज रहीं।

नीट की तैयारी कर रही छात्रा की मौत

इंदौर के न्यू बर्ग कॉलोनी क्षेत्र में नीट परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा की चौथी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। बताया जा रहा है कि देर रात वह मोबाइल पर बातचीत करते हुए भवन की ऊपरी मंजिल पर पहुंची थी। इसी दौरान वह नीचे गिर गई। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

एमपी-पीएससी मुख्य परीक्षा पर लगी रोक हटी

मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने एमपी-पीएससी राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 को लेकर बड़ा फैसला सुनाया है। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश विवेक रूसिया और न्यायमूर्ति प्रदीप मित्तल की खंडपीठ ने 25 मार्च से लागू अंतरिम स्थगन आदेश को समाप्त कर दिया। इसके साथ ही मुख्य परीक्षा के आयोजन का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

रीवा में ठेकेदार के घर ईडी की दस्तक

रीवा शहर के पद्मधर कॉलोनी इलाके में शुक्रवार सुबह उस समय हलचल बढ़ गई, जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम एक ठेकेदार के आवास पर जांच के लिए पहुंची। कार्रवाई की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। हालांकि ईडी की ओर से अभी तक कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

पटवारियों के तबादलों पर प्रशासन का यू-टर्न

भोपाल जिले में लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ 46 पटवारियों के तबादले किए गए थे, लेकिन इसके बाद प्रशासन ने 24 घंटे के भीतर ही 24 पटवारियों के स्थानांतरण आदेश निरस्त कर दिए। इस फैसले के बाद प्रशासनिक व्यवस्था और प्रभावशाली कर्मचारियों की भूमिका को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं।

खिलाड़ियों को पुलिस विभाग में सीधी भर्ती का मौका

राज्य सरकार ने प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए बड़ी राहत और अवसर का ऐलान किया है। ‘पुलिस विभाग में उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी भर्ती नियम-2021’ में संशोधन के बाद अब उत्कृष्ट खिलाड़ी बिना लंबी चयन प्रक्रिया के पुलिस विभाग में सीधी भर्ती का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। सरकार का मानना है कि इससे खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा और उनका भविष्य अधिक सुरक्षित होगा।

ओंकारेश्वर में राष्ट्रपति ने की सिकल सेल मिशन की सराहना

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने खंडवा जिले के ओंकारेश्वर में आयोजित विश्व सिकल सेल दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन के तहत किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्क्रीनिंग का निर्धारित लक्ष्य समय से पहले पूरा होना एक बड़ी उपलब्धि है। राष्ट्रपति ने इस दिशा में केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों की सराहना की।

आलोक त्रिपाठी
Written By

आलोक त्रिपाठी

खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें