शुक्रवार, 19 जून 202611:18:55 AM
Download App
Home/मध्यप्रदेश

नदी के तेज बहाव ने छीनी तीन जिंदगियां : भिंड में शादी की शहनाइयों के बीच गूंजी चीख-पुकार, घर में पसरा मातम

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jun 19, 2026
07:44 AM
भिंड में शादी की शहनाइयों के बीच गूंजी चीख-पुकार, घर में पसरा मातम

भिंड। मध्यप्रदेश के भिंड जिले से एक दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है। यहां के पहुज नदी में नहाने गए तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी के चलते कई युवक नहाने गए थे। नहाते समय कुछ युवक गहरे पानी में पहुंच गए और तेज बहाव का अंदाजा नहीं लगा सके। इसी दौरान तीन युवक डूब गए। यह युवक मिहोना थाना क्षेत्र के लिधौरा गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और दोनों राज्यों के सीमा क्षेत्र में शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मिहोना थाना क्षेत्र के लिधौरा और अतियनपुरा गांव से जुड़े एक दर्जन से अधिक युवक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश के माधौगढ़ थाना क्षेत्र की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों तथा ग्रामीणों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया गया।

मशक्कत के बाद निकाले गए युवकों के शव

काफी मशक्कत के बाद नदी से तीनों युवकों के शव बाहर निकाले गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर नदी और जलाशयों में नहाने के दौरान सावधानी बरतने की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।

परिजनों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नदी के जिस हिस्से में युवक नहा रहे थे, वहां अचानक गहराई बढ़ जाती है। आशंका जताई जा रही है कि युवकों को नदी की गहराई का सही अनुमान नहीं था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं हादसे की सूचना जैसे ही परिजनों तक पहुंची, शादी समारोह का माहौल गमगीन हो गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर फैल गई है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें