नगर निगम परिषद की बैठक में भारी हंगामा! : कैफेटेरिया को पट्टे पर देने के प्रस्ताव पर गरमाया सदन, नेता प्रतिपक्ष की टिप्पणी पर भिड़े पार्षद

भोपाल। नगर निगम परिषद की बैठक नवीन मुख्यालय भवन के सेवा खंड और प्रथम तल स्थित कैफेटेरिया को पट्टे पर देने के प्रस्ताव को लेकर पार्षदों के बीच जमकर हंगामा हुआ। वहीं नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी ने सदन का माहौल तब और गरमा दिया, जब उन्होंने कहा कि वह कोई कमीशन नहीं खाती हैं। इस बयान के बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया। सत्ता पक्ष के पार्षदों ने इसे आपत्तिजनक बताते हुए उनसे माफी मांगने की मांग की। हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।
कैफेटेरिया को पट्टे पर देने के प्रस्ताव पर बहस
बैठक में प्रश्नकाल समाप्त होने के बाद निर्धारित एजेंडे पर चर्चा शुरू हुई। नवीन मुख्यालय भवन के सेवा खंड और प्रथम तल स्थित कैफेटेरिया को पट्टे पर देने के प्रस्ताव को लेकर पार्षदों ने अपनी बात रखी। इस दौरान भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों के बीच नारेबाजी हुई। बहस और विरोध के बावजूद प्रस्ताव को चर्चा के बाद बहुमत के आधार पर पारित कर दिया गया।
सभापति ने जताई नाराजगी
वहीं नेता प्रतिपक्ष के बयान पर विवाद बढ़ने पर सभापति ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष की ओर से आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने कहा कि बिना तथ्य और सबूत के जनप्रतिनिधियों पर आरोप लगाना उचित नहीं है। सभापति ने नेता प्रतिपक्ष से सदन में माफी मांगने की भी बात कही।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
