भारतीय कृषि के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि : तय लक्ष्य से पहले बने इतने करोड़ फार्मर आईडी, सरकारी योजनाओं का लाभ लेना होगा आसान

भोपाल। देश में डिजिटल कृषि मिशन के तहत 11 करोड़ किसानों की फार्मर आईडी बनाने का लक्ष्य निर्धारित समय से पांच महीने पहले हासिल कर लिया गया है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसे भारतीय कृषि और किसानों के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इस पहल से किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने और कृषि व्यवस्था को आधुनिक बनाने में मदद मिलेगी।
मार्च 2027 तक पूरा करना था लक्ष्य
शिवराज सिंह चौहान के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मार्च 2027 तक देश के 11 करोड़ किसानों की फार्मर आईडी बनाने का लक्ष्य तय किया था। लेकिन केंद्र और राज्य सरकारों के समन्वित प्रयासों से यह लक्ष्य पांच महीने पहले ही पूरा कर लिया गया।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए विकसित कृषि और समृद्ध किसान जरूरी हैं। खेती में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करके ही किसानों की आय और कृषि व्यवस्था में सुधार किया जा सकता है।
एक पहचान से मिलेंगी कई सुविधाएं
कृषि मंत्री ने बताया कि डिजिटल कृषि मिशन के तहत प्रत्येक किसान को अलग पहचान देने के उद्देश्य से फार्मर आईडी बनाई जा रही है। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ सही किसान तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि किसान पहचान के माध्यम से कृषि ऋण लेने, फसल बीमा का लाभ प्राप्त करने, प्राकृतिक आपदा के समय राहत राशि हासिल करने और अपनी उपज बेचने जैसी प्रक्रियाएं आसान हो सकती हैं। इससे किसानों को बार-बार दस्तावेज जमा करने की परेशानी भी कम होगी।
पारदर्शिता बढ़ाने पर जोर
शिवराज ने कहा कि फार्मर आईडी से योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बढ़ेगी और पात्र किसानों तक लाभ पहुंचाना आसान होगा। आधुनिक तकनीक का उपयोग खेती को सरल और बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
केंद्र और राज्य सरकारों को दी बधाई
केंद्रीय मंत्री ने इस उपलब्धि के लिए केंद्र सरकार के अधिकारियों और कर्मचारियों, राज्य सरकारों, केंद्र शासित प्रदेशों तथा जिला प्रशासन के योगदान की सराहना की। उन्होंने किसान बहनों और भाइयों को भी बधाई देते हुए कहा कि डिजिटल पहचान का उपयोग करके वे सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उठा सकेंगे।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
