Twisha Sharma Death Case : ट्विशा केस में 2 जून तक CBI की कस्टडी में रहेंगे गिरिबाला सिंह और समर्थ ,5-5 दिनों की रिमांड पर दोनों आरोपी

भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में शुक्रवार को समर्थ सिंह और गिरिबाला सिंह को कोर्ट में पेश किया गया। जज शोभना भलावे की अदालत में दोनों आरोपियों की सुनवाई हुई, जिसके बाद कोर्ट ने दोनों को 5-5 दिनों की सीबीआई रिमांड पर भेज दिया। अब समर्थ और गिरिबाला 2 जून तक सीबीआई की कस्टडी में रहेंगे।
इससे पहले समर्थ सिंह का जयप्रकाश अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया, जबकि गिरिबाला सिंह का मेडिकल परीक्षण MANIT में हुआ। मेडिकल के बाद दोनों आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट लाया गया। सुनवाई के दौरान अदालत परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
सीबीआई ने कोर्ट से दोनों आरोपियों की 5-5 दिनों की रिमांड मांगी थी। इस पर बचाव पक्ष की ओर से कोई आपत्ति नहीं जताई गई। रिमांड मिलने के बाद अब सीबीआई दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करेगी।

टनल व्यू इन्वेस्टिगेशन तकनीक से होगी जांच
सूत्रों के मुताबिक, सीबीआई अब जांच में “टनल व्यू इन्वेस्टिगेशन” तकनीक का इस्तेमाल करेगी। एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि फरारी के दौरान समर्थ सिंह कहां-कहां रहा और किन लोगों के संपर्क में था।
इसके साथ ही सीबीआई ट्विशा शर्मा के आखिरी घंटों का वर्चुअल रीक्रिएशन भी करेगी, ताकि मौत से पहले और बाद की घटनाओं को विस्तार से समझा जा सके।
गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द
मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत पर सुनवाई करते हुए ट्रायल कोर्ट के फैसले को पलट दिया और उनकी अग्रिम जमानत रद्द कर दी। इसके बाद सीबीआई टीम कटारा हिल्स स्थित उनके घर पहुंची, जहां करीब 4 घंटे तक पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद जांच एजेंसी ने गिरिबाला सिंह को हिरासत में ले लिया।
नीरज द्विवेदी
5 साल से ज्यादा का पत्रकारिता अनुभव। टीवी और प्रिंट मीडिया में कलमकारी की है। पॉलिटिकल और पब्लिक कनेक्ट की खबरों में दिलचल्पी। TV27NEWS DIGITAL में एंकरिंग भी कर रहे हैं।
