बुधवार, 19 अगस्त 202611:55:13 AM
Download App
Home/विदेश

टेस्ट सीरीजः गाॅल में टीम इंडिया धमाकेदार प्रदर्शन : डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में भारत को फायदा, फाइनल खेलने की राह हुई आसान

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 19, 2026
10:11 AM
डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में भारत को फायदा, फाइनल खेलने की राह हुई आसान

गाॅल। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले टेस्ट मुकाबले में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 165 रनों से हरा दिया। भारत से मिले 372 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम दूसरी पारी में 206 रन पर ही ऑलआउट हो गई। इस जीत के साथ भारत ने दो मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।

भारत की इस जीत का सीधा फायदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में देखने को मिला है। भारतीय टीम का जीत प्रतिशत अब बढ़कर 53.33 हो गया है। हालांकि, अंक तालिका में भारत की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ और टीम पांचवें स्थान पर बनी हुई है। इसके बावजूद इस जीत से फाइनल में पहुंचने की भारत की उम्मीदें जरूर मजबूत हुई हैं।

श्रीलंका के लिए बढ़ी मुश्किल

दूसरी ओर, श्रीलंका को हार के बाद अंक तालिका में बड़ा झटका लगा है। टीम का जीत प्रतिशत घटकर 33.33 रह गया है। श्रीलंका फिलहाल छठे स्थान पर है। घरेलू मैदान पर मिली हार ने टीम के लिए आगे की राह मुश्किल कर दी है।

ऑस्ट्रेलिया का दबदबा बरकरार

विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया 77.78 प्रतिशत जीत के साथ शीर्ष पर बना हुआ है। दक्षिण अफ्रीका 75 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि न्यूजीलैंड 72.22 प्रतिशत जीत के साथ तीसरे नंबर पर मौजूद है। बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को हराने के बाद अपनी स्थिति मजबूत की है। उसका जीत प्रतिशत 66.67 हो गया है और वह चैथे स्थान पर है। बांग्लादेश भारत से एक स्थान ऊपर बना हुआ है।

भारतीय गेंदबाजों ने बरपाया कहर

श्रीलंका की दूसरी पारी में सोनल दिनुशा ने 84 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि धनंजय डी सिल्वा ने 59 रन बनाए। इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों का सामना नहीं कर सका। भारत की ओर से मानव सुथार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दूसरी पारी में छह विकेट हासिल किए। प्रसिद्ध कृष्णा को दो सफलता मिलीं। मानव सुथार ने दोनों पारियों में कुल 10 विकेट अपने नाम किए और भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई।

दूसरे टेस्ट पर रहेंगी निगाहें

पहला मुकाबला जीतने के बाद भारतीय टीम अब श्रृंखला पर कब्जा करने के इरादे से दूसरे टेस्ट में उतरेगी। भारत के लिए यह मुकाबला इसलिए भी महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि जीत के साथ टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में अपनी स्थिति और मजबूत कर सकती है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें