शुक्रवार, 19 जून 202612:46:57 PM
Download App
Home/देश

लेबनान में फिर भड़की युद्ध की आग : इजरायल ने लेबनान में रातभर मचाई तबाही, नेतन्याहू ने ट्रम्प की पीस डील को दिखाया आईना, खुद भी खोए 4 चार जवान

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jun 19, 2026
11:05 AM
इजरायल ने लेबनान में रातभर मचाई तबाही, नेतन्याहू ने ट्रम्प की पीस डील को दिखाया आईना, खुद भी खोए 4 चार जवान

नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की पीस डील को इजरायल ने आइना दिखा दिया है। ऐसा इसलिए की इजरायल और लेबनान के बीच एक बार फिर जंग शुरु हो गई है। दक्षिणी लेबनान में रातभर चली भीषण लड़ाई के दौरान इजरायल के चार सैनिक मारे गए, जबकि कई अन्य घायल हो गए। वहीं, इजरायली हवाई हमलों में लेबनान के कम से कम 18 लोगों की मौत होने की खबर है। इस बढ़ती हिंसा ने क्षेत्र में शांति प्रयासों को नई चुनौती दे दी है।

ड्रोन और मिसाइल हमलों से बढ़ा संघर्ष

इजरायली सेना के मुताबिक, मारे गए सैनिकों में एक लेफ्टिनेंट कर्नल भी शामिल था। इसके अलावा एक ड्रोन हमले में पांच सैनिक घायल हुए हैं। दूसरी ओर, हिज्बुल्लाह ने दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने इजरायली सेना पर घात लगाकर हमला किया और गाइडेड मिसाइलों की मदद से तीन मरकवा टैंकों को निशाना बनाया।

लेबनान में भारी तबाही

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, आधी रात के बाद 11 कस्बों पर हुए हवाई हमलों में 18 लोगों की जान गई और 33 लोग घायल हुए। बचाव कार्य भी लगातार जारी हमलों के कारण प्रभावित हो रहा है। टायर शहर के निकट हारौफ गांव सबसे ज्यादा प्रभावित रहा, जहां सात लोगों की मौत हुई और कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

इजरायल ने दी कार्रवाई की सफाई

इजरायल का कहना है कि उसकी कार्रवाई हिज्बुल्लाह द्वारा लगातार संघर्षविराम उल्लंघन के जवाब में की गई है। वहीं लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी ने बताया कि टायर और बिंत जबील क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग सुरक्षित इलाकों की ओर पलायन कर रहे हैं।

अली अल-ताहेर पहाड़ी बनी संघर्ष का केंद्र

रात की सबसे बड़ी मुठभेड़ लितानी नदी के उत्तर में स्थित अली अल-ताहेर पहाड़ी पर हुई। यह रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र माना जाता है। हिज्बुल्लाह ने दावा किया कि उसने इजरायली सैनिकों और बचाव दलों को भी निशाना बनाया, जिससे दोनों पक्षों के बीच संघर्ष और तीव्र हो गया।

शांति प्रयासों पर मंडराया संकट

फ्रांस ने अमेरिका से अपील की है कि वह इजरायल पर संघर्ष रोकने के लिए दबाव बनाए। हाल ही में अमेरिका और ईरान के बीच हुई अस्थायी समझ के बावजूद लेबनान में बढ़ती हिंसा ने क्षेत्रीय शांति की संभावनाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि हालात जल्द नहीं सुधरे तो पूरे पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ सकता है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें