शनिवार, 19 सितंबर 202610:38:07 AM
Download App
Home/छत्तीसगढ़

कबड्डी के साथ साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता : खैरागढ़ में अंतर-थाना कबड्डी प्रतियोगिता, छुईखदान बनी विजेता और जालबांधा उपविजेता

नीलम अहिरवार

नीलम अहिरवार

Sep 19, 2026
08:22 AM
खैरागढ़ में अंतर-थाना कबड्डी प्रतियोगिता, छुईखदान बनी विजेता और जालबांधा उपविजेता

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में जिला पुलिस KCG की ओर से अंतर-थाना कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के सभी आठ थाना क्षेत्रों की टीमों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ मुकाबलों में अपना दमखम दिखाया।

प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में छुईखदान की टीम विजेता रही, जबकि जालबांधा की टीम उपविजेता बनी। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। अन्य टीमों को सांत्वना पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

सरदार पटेल के एकता संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल और पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया।

इस दौरान अतिथियों ने सरदार वल्लभ भाई पटेल के जीवन और उनके एकता एवं अखंडता के संदेश को याद करते हुए युवाओं को खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का संदेश दिया। प्रतियोगिता के जरिए पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद और जुड़ाव को भी बढ़ावा देने की कोशिश की गई।

कबड्डी के साथ साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता

प्रतियोगिता के दौरान जिला पुलिस ने खेल आयोजन के साथ साइबर अपराध और नशे के खिलाफ भी जागरूकता अभियान चलाया। लोगों से अपील की गई कि वे अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध मैसेज का जवाब देने और किसी के साथ OTP साझा करने से बचें।

पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर होने वाली साइबर ठगी को लेकर भी लोगों को सावधान किया। पुलिस, CBI या ED अधिकारी बनकर फोन करने वाले ठगों द्वारा गिरफ्तारी का डर दिखाकर पैसे ऐंठने की घटनाओं से सतर्क रहने की अपील की गई।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें या नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करें।

‘नशे को ना कहें, जीवन को हां कहें’ का संदेश

कार्यक्रम के दौरान ‘नशे को ना कहें, जीवन को हां कहें’ अभियान के तहत भी लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस ने अवैध शराब, गांजा और ड्रग्स जैसी नशीली वस्तुओं की बिक्री या तस्करी की जानकारी पुलिस को देने की अपील की। युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल, शिक्षा और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। इस तरह अंतर-थाना कबड्डी प्रतियोगिता खेल भावना के साथ-साथ एकता, साइबर सुरक्षा और नशामुक्ति का संदेश देने का माध्यम भी बनी।

नीलम अहिरवार
Written By

नीलम अहिरवार

17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें