अद्भुत श्रृंगार के दर्शन कर भाव-विभोर हुए श्रद्धालु : रामनाम के बेलपत्रों से सजे महाकाल, भस्म आरती में बरसी शिव कृपा

उज्जैन। धर्मनगरी उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में मंगलवार को ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष द्वितीया के अवसर पर भगवान महाकाल की दिव्य भस्म आरती संपन्न हुई। ब्रह्ममुहूर्त में हुए इस पावन अनुष्ठान के दौरान बाबा महाकाल का विशेष श्रृंगार रामनाम अंकित बेलपत्रों से किया गया। दिव्य स्वरूप में विराजित भगवान महाकाल के दर्शन कर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो उठे और पूरा मंदिर परिसर ष्जय श्री महाकालष् के जयघोष से गूंज उठा।
परंपरा के अनुसार तड़के भगवान वीरभद्र से आज्ञा प्राप्त करने के बाद ढोल-नगाड़ों, शंखध्वनि और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंदिर के कपाट खोले गए। इसके पश्चात भगवान महाकाल का पवित्र जल से अभिषेक किया गया। दूध, दही, घी, शक्कर और फलों के रस से निर्मित पंचामृत से स्नान कराने के बाद बाबा को चंदन, भांग, त्रिशूल, त्रिपुंड, डमरू और बेलपत्र अर्पित किए गए।
भक्तों की आंखों में उमड़ा श्रद्धा-भक्ति का भाव
विशेष पूजा-अर्चना के बाद पुजारियों द्वारा भस्म आरती संपन्न कराई गई। जैसे ही श्रद्धालुओं के लिए दर्शन प्रारंभ हुए, भक्तों की आंखों में श्रद्धा और भक्ति का भाव उमड़ पड़ा। घंटियों की मधुर ध्वनि, शंखनाद और मंत्रोच्चार ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
भस्मारती का है विशेष धार्मिक महत्व
महाकाल मंदिर में होने वाली भस्म आरती का विशेष धार्मिक महत्व है। यह आरती भगवान शिव के वैराग्य, मृत्यु के सत्य और जीवन की क्षणभंगुरता का प्रतीक मानी जाती है। मान्यता है कि इस दिव्य आरती के दर्शन मात्र से भक्तों को विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है।
भस्मारती में श्मशान की राख का होता है उपयोग
जानकारी के अनुसार, पहले भस्म आरती में श्मशान की राख का उपयोग किया जाता था, लेकिन वर्तमान में कपिला गाय के गोबर और औषधीय जड़ी-बूटियों से तैयार विशेष भस्म अर्पित की जाती है। आरती में शामिल होने वाले पुरुषों के लिए धोती-सोला और महिलाओं के लिए साड़ी पहनना अनिवार्य होता है।
देश-विदेश के श्रद्धालु पहुंचते हैं दर्शन को
देश-विदेश से आने वाले हजारों श्रद्धालु प्रतिदिन इस अद्भुत आरती के दर्शन करने पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन और पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
