सिवनी : केवलारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 11 जुआरी गिरफ्तार; 11 लाख से अधिक का मशरूका जब्त

लोकेशन केवलारी , संवाददाता उपासना चौधरी
सिवनी। जिले में अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केवलारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी आशीष भराडे के मार्गदर्शन में केवलारी और नैनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम किमाची स्थित थावर नदी के सरहदी क्षेत्र में पोहप लाल साहू के खेत पर कुछ लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 13 हजार 240 रुपये नकद, 13 मोबाइल फोन, एक टवेरा वाहन, पांच दोपहिया वाहन, एलईडी लाइट, बैटरी, तिरपाल सहित अन्य सामग्री जब्त की गई। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 11 लाख 5 हजार 240 रुपये आंकी गई है।
पुलिस पूछताछ में अवैध जुआ संचालन के साथ नाल काटकर धन उगाही किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
