चंडीगढ़ में सुबह-सुबह ईडी का बड़ा एक्शन : मंत्री अरोरा गिरफ्तार, 20 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंची टीम, मान-केजरीवाल के निशाने पर आए मोदी

चंडीगढ़। पंजाब सरकार में मंत्री संजीव अरोरा को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। सुबह करीब 20 गाड़ियों के काफिले के साथ ईडी की टीम चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित उनके आवास पर पहुंची और लंबी पूछताछ के बाद अरोड़ा को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि पिछले एक महीने में यह दूसरी बार है जब ईडी ने अरोड़ा से जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई की है। इससे पहले लुधियाना में भी उनके परिसरों पर छापेमारी हुई थी।
ईडी की इस कार्रवाई के बाद पंजाब की राजनीति पूरी तरह गरमा गई है। आम आदमी पार्टी ने इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताते हुए केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है।
भगवंत मान बोले- “पंजाब किसी के आगे नहीं झुकेगा”
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ईडी की कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा विपक्षी नेताओं को डराने के लिए एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि “पंजाब गुरुओं और शहीदों की धरती है, यहां डर और दबाव की राजनीति नहीं चलेगी।”
संगरूर में मीडिया से बातचीत के दौरान मान ने आरोप लगाया कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आते हैं, भाजपा ईडी रेड, धमकी और मानहानि नोटिस जैसे हथकंडे अपनाने लगती है। उन्होंने कहा कि पंजाब के भाईचारे को तोड़ने की कोशिश कभी सफल नहीं होगी।
केजरीवाल का मोदी सरकार पर बड़ा हमला
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक ।तअपदक ज्ञमरतपूंस ने भी इस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ईडी का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए कर रही है।
केजरीवाल ने कहा कि “जो नेता भाजपा में शामिल हो जाता है, उसके खिलाफ कार्रवाई धीमी पड़ जाती है, लेकिन जो विरोध करता है, उसके यहां लगातार रेड होती है।” उन्होंने दावा किया कि पंजाब को राजनीतिक तौर पर कमजोर करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन राज्य की जनता इसका जवाब देगी।
मोहाली-चंडीगढ़ में पहले भी हो चुकी हैं रेड
दो दिन पहले ही ईडी ने मोहाली और चंडीगढ़ में करीब 12 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। मोहाली की एक हाईराइज सोसाइटी में आईटी कारोबारी से जुड़े फ्लैट पर भी जांच एजेंसी पहुंची थी। उस समय भी विपक्ष ने इसे राजनीतिक कार्रवाई करार दिया था। संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी के बाद अब पंजाब में केंद्र बनाम राज्य सरकार की सियासी लड़ाई और तेज होने के आसार हैं।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
