सोमवार, 10 अगस्त 202611:07:37 AM
Download App
Home/देश

हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे शिवालय : सावन के दूसरे सोमवार पर धार्मिक नगरी से लेकर तीर्थ नगरी तक उमड़ा आस्था का सैलाब

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 10, 2026
07:43 AM
सावन के दूसरे सोमवार पर धार्मिक नगरी से लेकर तीर्थ नगरी तक उमड़ा आस्था का सैलाब

उज्जैन। आज सावन का दूसरा सोमवार है। इस मौके पर मध्यप्रदेश के शिवायलय हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजायमान हो उठे है। विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर से लेकर खंडवा के ओंकारेश्वर, मंदसौर के पशुपतिनाथ मंदिर तक श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है और शिवालय आधी रात से ही हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष गूंज उठे

महाकाल के दरबार में देर रात से कतार

उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन के लिए श्रद्धालु देर रात से ही कतारों में लग गए थे। रात्रि करीब ढाई बजे मंदिर के पट खोले गए, जिसके बाद तड़के तीन बजे भस्म आरती शुरू हुई। भस्म आरती में शामिल होने और बाबा महाकाल के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

श्रावण मास को भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष माना जाता है। मान्यता है कि सावन में भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना और जलाभिषेक करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं और जीवन के कष्ट दूर होते हैं।

ओंकारेश्वर में नर्मदा स्नान के बाद ज्योतिर्लिंग दर्शन

खंडवा जिले की तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में भी सावन के दूसरे सोमवार पर आस्था का सैलाब देखने को मिला। सुबह से नर्मदा घाटों से लेकर मंदिर परिसर तक श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने मां नर्मदा में स्नान किया और इसके बाद भगवान ओंकारेश्वर तथा ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए।

ओंकारेश्वर की गलियों से लेकर नर्मदा घाट तक हर तरफ धार्मिक उल्लास नजर आया। “हर-हर महादेव”, “बम-बम भोले” और “नर्मदे हर” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। भगवान ओंकारेश्वर का विशेष पुष्प श्रृंगार भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा।

सुरक्षा व्यवस्था में जुटा प्रशासन

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने विशेष इंतजाम किए। मंदिर क्षेत्र में सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और दर्शन व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराए गए।

पशुपतिनाथ मंदिर में भी उमड़ा भक्तों का सैलाब

मंदसौर स्थित अष्टमुखी भगवान पशुपतिनाथ मंदिर में भी सावन के दूसरे सोमवार पर हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए। कई क्षेत्रों से श्रद्धालु कांवड़ यात्राएं लेकर भगवान पशुपतिनाथ के दरबार पहुंचे। भक्तों ने दर्शन-पूजन के साथ नवनिर्मित पशुपतिनाथ लोक का भ्रमण भी किया।

आगर-मालवा में 51 हजार कलशों की भव्य यात्रा

सावन के दूसरे सोमवार पर आगर-मालवा में भी भक्ति का भव्य आयोजन होने जा रहा है। विधायक मधु गहलोत की प्रेरणा से 51 हजार कलशों की ऐतिहासिक यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा पुरानी कृषि उपज मंडी से शुरू होकर बड़ोद चैराहा, हाटपुरा और छावनी चैराहा होते हुए प्रसिद्ध बाबा बैजनाथ महादेव मंदिर पहुंचेगी। हजारों महिलाएं कलश लेकर भगवान शिव के जयघोष के साथ यात्रा में शामिल होंगी। पुरानी कृषि उपज मंडी में यात्रा को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में हैं।

चारों ओर गूंजा हर-हर महादेव

सावन के दूसरे सोमवार पर मध्यप्रदेश के इन प्रमुख शिवधामों में आस्था, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। महाकाल की भस्म आरती से लेकर ओंकारेश्वर में नर्मदा स्नान, पशुपतिनाथ के दर्शन और बाबा बैजनाथ की कलश यात्रा तक पूरा मालवा-निमाड़ शिवमय नजर आया। श्रद्धालुओं के जयघोष से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहे।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें