मऊगंज में EOW की बड़ी कार्रवाई : पंचायत सचिव ₹10 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

मऊगंज जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत बलभद्रगढ़ के सचिव शरद चंद्र गृह को ₹10 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद पंचायत विभाग और जनपद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार मामला हनुमना जनपद अंतर्गत बलभद्रगढ़ ग्राम पंचायत का है। आरोप है कि पंचायत में कराए गए विकास कार्यों के भुगतान और राशि निकालने के एवज में सचिव द्वारा सरपंच से ₹10 हजार रिश्वत की मांग की जा रही थी। सचिव लगातार रकम देने का दबाव बना रहा था।
बताया जा रहा है कि सरपंच ने पहले मामले को आपसी स्तर पर सुलझाने की कोशिश की, लेकिन जब सचिव अपनी मांग पर अड़ा रहा तो इसकी शिकायत EOW से की गई। शिकायत के सत्यापन के बाद EOW टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की और आरोपी सचिव को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
EOW की कार्रवाई के बाद पूरे पंचायत विभाग में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचायतों में विकास कार्यों के नाम पर कमीशनखोरी और अवैध वसूली की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में यह कार्रवाई भ्रष्टाचारियों के लिए कड़ा संदेश मानी जा रही है।
प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन के दावे कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर रिश्वतखोरी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। वहीं, लोगों का मानना है कि यदि इसी तरह लगातार सख्त कार्रवाई होती रही तो सरकारी दफ्तरों में फैले भ्रष्टाचार पर काफी हद तक लगाम लगाई जा सकती है।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
