रविवार, 3 मई 202601:23:00 PM
Download App
Home/देश

भारत की बड़ी उपलब्धि, “मिशन दृष्टि” सैटेलाइट लॉन्च : पीएम मोदी ने दी बधाई, कहा- देश के अंतरिक्ष क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक कदम

अभिलाषा कनाडे

अभिलाषा कनाडे

May 03, 2026
12:01 PM
पीएम मोदी ने दी बधाई, कहा- देश के अंतरिक्ष क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक कदम

नई दिल्ली। भारत ने अंतरिक्ष क्षेत्र में एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए “मिशन दृष्टि” सैटेलाइट को सफलतापूर्वक लॉन्च कर दिया है। इस उपलब्धि को देश की तकनीकी क्षमता और आत्मनिर्भर भारत अभियान की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

पीएम मोदी ने दी बधाई

सैटेलाइट लॉन्च होते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैज्ञानिकों और पूरी टीम को बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा कि यह मिशन भारत की बढ़ती अंतरिक्ष शक्ति और वैज्ञानिकों की मेहनत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नई तकनीक से लैस यह सैटेलाइट देश की सुरक्षा, निगरानी, मौसम पूर्वानुमान और आपदा प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

सीमाओं की निगरानी और रियल टाइम जानकारी जुटाने में मिलेगी मदद

बताया जा रहा है कि “मिशन दृष्टि” सैटेलाइट हाई-रिजॉल्यूशन इमेजिंग और एडवांस मॉनिटरिंग सिस्टम से लैस है, जिससे अंतरिक्ष से मिलने वाले डेटा की गुणवत्ता पहले से बेहतर होगी। इसके जरिए सीमाओं की निगरानी और रियल टाइम जानकारी जुटाने में भी मदद मिलेगी। विशेषज्ञों के मुताबिक इस मिशन से भारत की अंतरिक्ष तकनीक को नई मजबूती मिलेगी और आने वाले समय में कई क्षेत्रों में इसका लाभ देखने को मिलेगा। लॉन्च के बाद देशभर में वैज्ञानिकों और अंतरिक्ष एजेंसियों की इस सफलता की सराहना की जा रही है।

रक्षा और आपदा प्रबंधन में बड़ा उपयोग

इस सैटेलाइट से सीमा निगरानी, रक्षा गतिविधियों, आपदा प्रबंधन, कृषि, इंफ्रास्ट्रक्चर और बीमा जैसे क्षेत्रों में मदद मिलेगी। अगर यह पहले से मौजूद होता, तो भारत अपने सैन्य अभियानों की तस्वीरों के लिए विदेशी सैटेलाइट पर निर्भर नहीं रहता। हाल के वैश्विक संघर्षों ने भी दिखाया है कि देशों को अपने सैटेलाइट डेटा की जरूरत होती है। इस सैटेलाइट का वजन करीब 190 किलोग्राम है और यह 1.5 मीटर तक की उच्च रिजॉल्यूशन वाली तस्वीरें दे सकता है। भविष्य में इसकी क्षमता को 0.5 मीटर तक बेहतर करने की योजना है।

अगले 4 सालों में और भी सैटेलाइट होगी लॉन्च

'दृष्टि' सिर्फ एक सैटेलाइट नहीं है, बल्कि एक बड़े कंस्टीलेशन की शुरुआत है। कंपनी आने वाले चार वर्षों में 8 से 12 सैटेलाइट लॉन्च करने की योजना बना रही है। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक भी शामिल है, जिससे सैटेलाइट खुद ही अंतरिक्ष में डेटा प्रोसेस कर सकेगा और तेजी से उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराएगा।

अभिलाषा कनाडे
Written By

अभिलाषा कनाडे

खबरी दुनिया की ऑल राउंडर। टीवी जर्नलिज़्म में एक दशक का सफर पूरा कर रही हैं। टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया का प्रगाढ़ अनुभव।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें