गुरुवार, 19 नवंबर 202606:23:06 AM
Download App
Home/देश

मनीला में भारतीय कला का जलवा : पीएम मोदी ने विश्व नेताओं को भेंट किए सांस्कृतिक विरासत से जुड़े अनूठे उपहार

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 18, 2026
05:52 AM
पीएम मोदी ने विश्व नेताओं को भेंट किए सांस्कृतिक विरासत से जुड़े अनूठे उपहार

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनीला में आयोजित मुलाकातों के दौरान विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुड़े अनूठे उपहार भेंट किए। इन तोहफो में दक्षिण भारत की चोल कांस्य कला से लेकर राजस्थान के गुलाबी रोज क्वार्ट्ज से बने हाथी, गुजरात की दुर्लभ रोगन पेंटिंग और कर्नाटक की बिदरी कला तक शामिल रहे। इन उपहारों के माध्यम से केवल औपचारिक शिष्टाचार नहीं निभाया गया, बल्कि भारत के अलग-अलग राज्यों की कला, संस्कृति और पारंपरिक हुनर को वैश्विक पहचान दिलाने का प्रयास भी किया गया।

PM Modi gifts to foreign Dignitries

इंडोनेशियाई राष्ट्रपति को मिली चोल कांस्य कला की सौगात

प्रधानमंत्री मोदी के बड़े प्रशंसक माने जाने वाले इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो को चोल कांस्य मूर्ति भेंट की गई। दक्षिण भारत में नौवीं से तेरहवीं शताब्दी के बीच चोल राजवंश के शासनकाल में इस कला का विशेष विकास हुआ। इसे पारंपरिक लॉस्ट वैक्स यानी मधुच्छिष्ट विधान तकनीक से तैयार किया जाता है। मूर्तियों की बारीक बनावट, शारीरिक अनुपात और आभूषणों का सूक्ष्म चित्रण इसकी विशिष्ट पहचान है।

PM Modi gifts to foreign Dignitries

गुलाबी क्वार्ट्ज के हाथी में राजस्थान की शिल्पकला

लाओस के प्रधानमंत्री सलेउमक्से कोमासिथ को गुलाबी रोज क्वार्ट्ज पत्थर से बना सुनहरी सजावट वाला हाथी भेंट किया गया। जयपुर के पारंपरिक पत्थर तराशने वाले कारीगरों की कला से जुड़ी इस कलाकृति में हाथी को शक्ति, बुद्धिमत्ता, गरिमा और राजसी वैभव का प्रतीक दर्शाया गया है।

PM Modi gifts to foreign Dignitries

उरली और गोंड चित्रकला से भारतीय परंपरा का परिचय

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम को चांदी की नक्काशी से सजा पारंपरिक उरली पात्र दिया गया। पानी और तैरते फूलों से सजाया जाने वाला यह पात्र भारतीय संस्कृति में पवित्रता, समृद्धि और आतिथ्य का प्रतीक माना जाता है।

वहीं, सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग को गोंड चित्रकला की कलाकृति भेंट की गई। मध्य भारत के आदिवासी समुदायों से जुड़ी इस कला में प्रकृति, पेड़-पौधों, पशु-पक्षियों को बिंदुओं, रेखाओं और चमकीले रंगों के माध्यम से जीवंत बनाया जाता है।

रोगन पेंटिंग में कच्छ की पीढ़ियों पुरानी विरासत

थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल को गुजरात के कच्छ की दुर्लभ रोगन कला की पेंटिंग दी गई। निरोना गांव के चुनिंदा कारीगर परिवार इस कला को पीढ़ियों से संरक्षित कर रहे हैं। अरंडी के तेल से तैयार गाढ़े रंग और धातु की पतली सलाई की मदद से कपड़े पर बेहद बारीक डिजाइन बनाए जाते हैं। कपड़े को मोड़कर दूसरी तरफ समान आकृति उकेरने की तकनीक इसे खास बनाती है।

PM Modi gifts to foreign Dignitries

खंभात का अगेट और भारतीय चमड़ा शिल्प भी बना आकर्षण

तिमोर-लेस्ते के प्रधानमंत्री जानाना गुसमाओ को गुजरात के खंभात में तैयार अगेट पत्थर की कटोरी भेंट की गई। प्राकृतिक धारियों और आकर्षक रंगों वाले इस अर्ध-कीमती पत्थर के शिल्प को 2017 में जीआई टैग मिला था।

वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग को पारंपरिक भारतीय चमड़े से बनी दीवार पर सजाने वाली कलाकृति दी गई। इसमें छेदकारी, उभरी हुई नक्काशी और रंगों के जरिए फूलों, ज्यामितीय आकृतियों तथा वन्यजीवों को दर्शाया गया है।

बिदरी और डोकरा कला ने भी बटोरी सराहना

ब्रुनेई के सुल्तान हसनल बोल्किया को कर्नाटक के बीदर की प्रसिद्ध बिदरी कला से तैयार चांदी की नक्काशी वाला फूलदान भेंट किया गया। इसकी काली धातु की सतह पर चांदी की बारीक जड़ाई की जाती है। म्यांमार को भी इसी कला से निर्मित फूलदान दिया गया।

कंबोडिया को डोकरा कला से तैयार नाव की कलाकृति भेंट की गई। करीब चार हजार साल पुरानी मानी जाने वाली इस धातु शिल्प परंपरा में लॉस्ट वैक्स तकनीक का इस्तेमाल होता है। नाव में बैठे लोगों और पक्षियों की आकृतियां सामुदायिक जीवन, प्रकृति के साथ सामंजस्य और सामूहिक प्रगति का संदेश देती हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें