तमिलनाडु में दिल दहलाने वाली घटना : करूर में कुएं ने उगले पांच शव, मृतक सभी एक ही परिवार के, मौत की असली वजह अब भी रहस्य

करूर (तमिलनाडु)। तमिलनाडु से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के करूर जिले के चिन्नकालीपालयम गांव में एक कुएं से एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव बरामद हुए है। घटना की जानकारी लगाते ही इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतकों में दंपती, उनकी बेटी और दो मासूम बच्चे शामिल हैं। शुरुआती जानकारी में पारिवारिक विवाद को घटना की संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पांचों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे वास्तविक कारण क्या है।
दंपती, बेटी और दो मासूम बच्चों की मौत
मृतकों की पहचान वेंगामेडु के कोंगुनगर निवासी रामासामी (63), उनकी पत्नी जानकी (60), बेटी सुकुना (35), नातिन शिवानी (10) और चार वर्षीय नाती अधिरन के रूप में हुई है। पांचों एक ही परिवार के सदस्य थे। उनके शव चिन्नकालीपालयम गांव स्थित एक बगीचे के कुएं में मिले। सूचना मिलते ही वंगल पुलिस थाने की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और शवों को कुएं से बाहर निकलवाने की कार्रवाई की। इसके बाद मामले से जुड़े साक्ष्य और अन्य जानकारियां जुटाई जाने लगीं।
पति से विवाद के बाद मायके में रह रही थी सुकुना
बताया जा रहा है कि रामासामी की बेटी सुकुना की शादी करीब 13 साल पहले वेलायुधमपालयम निवासी प्रभु से हुई थी। शादी के बाद दंपती के दो बच्चे शिवानी और अधिरन हुए। हालांकि, पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते सुकुना अपने दोनों बच्चों के साथ पति का घर छोड़कर मायके में रह रही थी।
कुएं में शव देखकर ग्रामीणों के उड़े होश
गुरुवार शाम चिन्नकालीपालयम गांव के कुछ स्थानीय लोगों की नजर बगीचे के कुएं में पड़े शवों पर पड़ी। जब लोगों को पता चला कि कुएं में एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव हैं, तो इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने बिना देर किए पुलिस को सूचना दी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुल सकते हैं कई राज
पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। मामले की पड़ताल के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। फिलहाल पांच लोगों की एक साथ हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब जांच पूरी होने के बाद ही मिल सकेंगे।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
