बिहार में दर्दनाक सड़क हादसा : अररिया में पुल की रेलिंग तोड़ नदी में गिरी कार, 6 की मौत, तिलक की खुशियां मातम में बदलीं

अररिया। बिहार के अररिया जिले में दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीड़ी पुल पर एक स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए मरिया नदी में जा गिरी। इस भीषण हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि ग्रामीणों ने एक व्यक्ति को बचा लिया है। हादसे का शिकार हुए सभी तिलक समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। मृतकों की उम्र करीब 15 से 28 वर्ष के बीच थी। हादसे की खबर मिलते ही थुमहा गांव में मातम पसर गया।
तीखे मोड़ पर बेकाबू हुई स्कॉर्पियो
बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के थुमहा गांव के रहने वाले थे। वे अररिया जिले के सिकटी प्रखंड स्थित भपटिया गांव में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह संपन्न होने के बाद सभी लोग स्कॉर्पियो से अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान बीड़ी पुल के तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नीचे मरिया नदी में जा गिरी। अचानक हुए इस हादसे से वाहन में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीण, एक युवक की बची जान
वाहन नदी में गिरते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन अन्य छह लोगों को बचाया नहीं जा सका।
छह मौतों की पुष्टि, मृतकों में चालक भी शामिल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से नदी में गिरी स्कॉर्पियो से सभी छह शवों को बाहर निकाला गया। इसके बाद शवों को अररिया सदर अस्पताल भेजा गया। मृतकों में वाहन चालक भी शामिल है। सदर अस्पताल के चिकित्सकों और मुख्यालय डीएसपी ने छह लोगों की मौत की पुष्टि की है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
