मंगलवार, 18 अगस्त 202606:35:40 PM
Download App
Home/देश

गुणवत्ता और जनसेवा में बड़वानी पुलिस अव्वल, : पुलिस थानों को मिली अंतरराष्ट्रीय मान्यता, बढ़ाया प्रदेश का मान

admin

admin

Aug 18, 2026
02:09 PM
पुलिस थानों को मिली अंतरराष्ट्रीय मान्यता, बढ़ाया प्रदेश का मान

भोपाल। पुलिस कार्यप्रणाली में गुणवत्ता और पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में बड़वानी पुलिस ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के नेतृत्व में जिले की छह पुलिस इकाइयों को अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्यप्रणाली विकसित करने पर गुणवत्ता प्रमाणन प्रदान किया गया है। इनमें पुलिस अधीक्षक कार्यालय बड़वानी के अलावा पांच पुलिस थाने शामिल हैं। इस उपलब्धि को पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह, व्यवस्थित और नागरिक केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

उप पुलिस महानिरीक्षक की मौजूदगी में मिला प्रमाण-पत्र

आयोजित कार्यक्रम में संस्था के सलाहकार एस.के. विद्यार्थी ने निमाड़ क्षेत्र की उप पुलिस महानिरीक्षक सिमाला प्रसाद की उपस्थिति में पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल को गुणवत्ता प्रमाण-पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने इस उपलब्धि को पुलिस व्यवस्था में निरंतर सुधार के प्रयासों का परिणाम बताया।

अभिलेखों से लेकर नागरिक सुविधाओं तक हुई जांच

प्रमाणन से पहले पुलिस कार्यालयों और थानों की कार्यप्रणाली का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान अभिलेखों के रखरखाव, कामकाज की निगरानी, अधिकारियों की जवाबदेही, निर्धारित प्रक्रियाओं के पालन और नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता जैसे पहलुओं को परखा गया। इसके साथ ही पुलिस इकाइयों में उपलब्ध जनसुविधाओं और जरूरतमंद वर्गों के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी मूल्यांकन किया गया।

महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष व्यवस्थाएं

निरीक्षण के दौरान महिला ऊर्जा केंद्र, बाल मित्र कक्ष और वात्सल्य कक्ष जैसी सुविधाओं को भी देखा गया। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य पुलिस थानों में आने वाली महिलाओं, बच्चों और अन्य जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है। निर्धारित मानकों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाए जाने के बाद प्रमाणन की प्रक्रिया पूरी की गई।

हवालात में भी सकारात्मक सोच का संदेश

बड़वानी पुलिस ने थानों की हवालात में सकारात्मक वातावरण तैयार करने की अनूठी पहल भी की है। हवालात की दीवारों पर प्रेरक कहानियां, सकारात्मक संदेश और कार्टून के माध्यम से चित्रांकन कराया गया है। इसका उद्देश्य निरुद्ध व्यक्तियों में आत्मचिंतन और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना तथा उन्हें अपराध से दूर बेहतर जीवन की ओर प्रेरित करना है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें