गुरुवार, 22 अक्टूबर 202610:14:38 AM
Download App
Home/देश

मप्र में उद्योगों को मिलेगा नया बूस्टर : 12 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों को जमीन पर उतारने की तैयारी, बीना बनेगा औद्योगिक विकास का नया केंद्र

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Oct 22, 2026
09:12 AM
12 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों को जमीन पर उतारने की तैयारी,  बीना बनेगा औद्योगिक विकास का नया केंद्र

मुंबई-भोपाल। मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव गुरुवार को मुंबई के बॉम्बे एग्जिबिशन सेंटर में आयोजित तीन दिवसीय इंडिया केम-2026 के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। इंडिया केम का यह 14वां संस्करण है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल सहित उद्योग जगत के प्रतिनिधि मौजूद रहे। जेपी नड्डा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

आयोजन में रसायन एवं पेट्रोकेमिकल क्षेत्र में निवेश, तकनीक, नवाचार, गुणवत्ता, सुरक्षा और वैश्विक साझेदारी की संभावनाओं पर मंथन किया जाएगा। वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम मोहन ने मध्यप्रदेश में औद्योगिक विकास को नई गति देने के लिए पेट्रोकेमिकल क्षेत्र पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने यह भी बताया की वैश्विक निवेशक सम्मेलन के बाद प्रदेश में लगभग 12 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को जमीन पर उतारने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

सीएम ने कहा कि बीना में 50 हजार करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित डाउनस्ट्रीम पेट्रोकेमिकल परियोजना प्रदेश की औद्योगिक तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभाएगी। इस परियोजना से प्रतिवर्ष 22 लाख टन से अधिक पेट्रोकेमिकल उत्पाद तैयार होने की उम्मीद है। इससे प्लास्टिक, पैकेजिंग, दवा, कपड़ा और वाहन निर्माण जैसे उद्योगों को जरूरी कच्चा माल मिलेगा तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

बीना से आष्टा तक औद्योगिक विकास की तैयारी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में निवेश के लिए बिजली, पानी, भूमि और आधुनिक औद्योगिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। बीना परियोजना के साथ विजयपुर में गेल के गैस प्रसंस्करण ढांचे और सीहोर जिले के आष्टा में गेल इंडिया की पेट्रोकेमिकल परियोजना से भी औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

पीएम मित्र पार्क से कपड़ा उद्योग को मजबूती देने का प्रयास

उन्होंने बताया कि रायसेन जिले के तामोट में 121 एकड़ और ग्वालियर के बिलोवा में 93 एकड़ क्षेत्र में प्लास्टिक पार्क विकसित किए गए हैं। इनसे प्लास्टिक और बहुलक आधारित छोटे तथा मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा। वहीं, पीएम मित्र पार्क से कपड़ा उद्योग को मजबूती देने की दिशा में काम किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि वैश्विक तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और आपूर्ति शृंखला की चुनौतियों के बीच भारत के सामने नए औद्योगिक अवसर पैदा हो रहे हैं। वर्ष 2040 तक देश के रसायन एवं पेट्रोकेमिकल क्षेत्र को एक ट्रिलियन डॉलर का उद्योग बनाने के लक्ष्य में मध्यप्रदेश महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें